गुजरात भरूच में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की दीवार मकान पर गिरी, मलबे में दबने से दो लोगों की मौत
भरूच, 1 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के भरूच में बुधवार को निर्माणाधीन 'वर्ल्ड ट्रेड सेंटर' की दीवार पास के एक मकान पर गिर गई। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य मलबे के नीचे दब गए, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई है।
बताया गया कि भरूच के आली मातरिया तालाब क्षेत्र में बुधवार सुबह यह हादसा हुआ। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम को सूचना मिलते ही दमकल कर्मियों का एक दल मौके पर पहुंचा।
वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की एक बड़ी दीवार अचानक एक घर पर गिरने से परिवार के सदस्यों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इस कारण चार लोग मलबे में ही दब गए। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत दो महिलाओं को सुरक्षित बचा लिया गया और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हालांकि, पिता-पुत्र की मलबे में दबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 साल के आशीष वसावा और उनके पिता अश्विन वसावा के रूप में हुई। पुलिस और बचाव दल के मौके पर पहुंचने के बाद अभियान चलाया गया। इस दौरान मलबे में दबे शवों को बाहर निकाला।
भरूच नगरपालिका के अधिकारी चिराग गढवी ने आईएएनएस को बताया, "रात करीब 2:30 बजे कंट्रोल रूम ने हमें भरूच शहर के अली इलाके में एक दीवार गिरने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद, भरूच फायर ब्रिगेड की एक टीम को रेस्क्यू टेंडर के साथ तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया।"
अधिकारी ने बताया कि मौके पर पहुंचने के बाद टीम को पता चला कि कुल चार लोग इस मकान में रह रहे थे। दो महिलाओं को पहले ही रेस्क्यू कर लिया गया था। मलबे में दबे दो अन्य लोगों को रेक्स्यू करने के बाद सिविल अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 9:43 AM IST












