गुजरात स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में गाइड्स की खास ट्रेनिंग, पर्यटकों को आसान भाषा में मिल रही हर जानकारी
नर्मदा, 21 मई (आईएएनएस)। गुजरात का विश्व विख्यात टूरिस्ट प्लेस ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ हमेशा पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार रहता है। हर साल लाखों सैलानी नर्मदा जिले के एकता नगर पहुंचते हैं। पहले पर्यटकों को यहां की पूरी जानकारी नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब उन्हें ट्रेंड टूरिस्ट गाइड मिलते हैं, जो स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के इतिहास और आसपास के खूबसूरत व दर्शनीय स्थलों के बारे में बताते हैं। पर्यटक यहां मिले शानदार टूरिज्म एक्सपीरिएंस से बेहद खुश हैं।
पर्यटक डिंपल ने बताया कि यहां के गाइड बहुत ही सुंदर तरीके से सभी अलग-अलग जगहों पर जैसे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, जंगल सफारी, मियावाकी, और आरोग्य वन के बारे में बहुत अच्छे से सबकुछ समझाते हैं। इस आरोग्य वन की खासियत क्या है और औषधियों के बारे में भी वे बहुत अच्छे से हमारी भाषा में समझाते हैं।
दरअसल, यह बदलाव राज्य में पर्यटन और पर्यटकों के अनुभव को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई गुजरात सरकार की पहल से आया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में सरकार ने साल 2026 को न केवल ‘गुजरात पर्यटन वर्ष’ घोषित किया है, बल्कि 1000 टूरिस्ट गाइड को प्रोफेशनल ट्रेनिंग देने का भी निर्णय लिया है। इसी के तहत स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में भी करीब 150 ट्रेंड टूरिस्ट गाइड तैनात किए गए हैं। इससे जहां स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं, वहीं पर्यटकों को भी लाभ हो रहा है।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ट्रेंड टूरिस्ट गाइड महेंद्र तड़वी ने बताया कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी अथॉरिटी द्वारा हमें मुफ्त में ट्रेनिंग दी गई। इसके कारण हमारा आत्मविश्वास बढ़ा है, भाषा का शुद्धिकरण भी हुआ है। इसके साथ ही, हमारे परिवार के लिए भी आर्थिक रूप से स्थिरता मिली है। हमारे जैसे कुल 150 गाइडों को ट्रेनिंग दी गई थी। गाइडों को अलग-अलग जगह जो हमारे प्रोजेक्ट्स हैं। वहां भेजकर ट्रेनिंग दी गई थी और इसके बारे में जानकारी हासिल की गई थी।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ट्रेंड टूरिस्ट गाइड मयूर ने कहा कि फिलहाल, हम यहां 120 गाइड अभी जॉब कर रहे हैं और इसमें भी हर साल नई-नई भर्तियां होती रहती हैं। उस हिसाब से यहां स्थानीय लोगों को नौकरी के नए-नए अवसर भी मिल रहे हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर अपनी फैमिली को सपोर्ट करते हैं।
इन टूरिस्ट गाइड्स को पर्यटकों से व्यवहार के अलावा हिंदी, अंग्रेजी व गुजराती भाषा की ट्रेनिंग दी गई है, साथ ही उन्हें यहां के सभी प्रमुख और फेमस स्थलों के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी क्षेत्र विकास एवं पर्यटन शासन प्राधिकरण के सीईओ अमित अरोड़ा ने बताया कि लोगों को यूनिफॉर्म एक्सपीरियंस मिलने के लिए हर आकर्षण के लिए मॉडल स्क्रिप्ट बनवाई है। इस मॉडल स्क्रिप्ट पर गाइड्स को प्रशिक्षण दिया है। प्रवासियों को कहां पर क्या चीज बतानी है, कौन सी विशेषताओं को प्रमुखता देनी है, इन सभी चीजों का टेम्पलेट बनाकर प्रशिक्षण दिया है।
स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तरह ही गुजरात के धोलावीरा, लोथल जैसे ऐतिहासिक पर्यटक स्थलों समेत, दूसरे धार्मिक पर्यटक स्थलों और प्रसिद्ध मंदिरों पर भी ट्रेंड टूरिस्ट गाइड तैनात किए गए हैं। गुजरात सरकार की यह पहल न केवल स्थानीय युवाओं का पलायन रोककर उन्हें स्थायी आजीविका का विकल्प उपलब्ध करा रही है, बल्कि देश-विदेश से आए पर्यटकों की यात्रा को भी यादगार बना रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 May 2026 10:15 PM IST












