हमारे खिलाड़ी देश-दुनिया में कर रहे प्रदेश का नाम रोशनः डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
लखनऊ, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हमारे खिलाड़ी देश-दुनिया में उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। सरकार भी खिलाड़ियों का पूरा ध्यान रख रही है। खेल बजट भी दोगुना कर दिया गया है। स्टेडियमों को अत्याधुनिक उपकरणों एवं सुविधाओं से लैस किया गया है।
राज्य के उपमुख्यमंत्री बुधवार को आरडीएसओ स्टेडियम में आयोजित सांसद खेल महाकुम्भ- 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज के युवा खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना रहे हैं। खेलों को लेकर पुरानी कहावतों को बदल रहे थे। अब युवा पढ़ते भी हैं और खेल कर भी नवाब बनते हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि पढ़ाई के साथ अब खेल भी बहुत आवश्यक हैं। खेल न केवल हमारे शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि भविष्य भी उज्ज्वल बनाते हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में उच्च स्तरीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकार भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकारी नौकरियों में स्थान देने के अलावा अन्य माध्यमों से भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब सरकार द्वारा खेलों का बजट भी दोगुना से अधिक कर दिया गया है। ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। ग्रामीण स्तर पर सरकार द्वारा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस तरह से आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि सांसद खेल महाकुंभ के माध्यम से लखनऊ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सीनियर एवं जूनियर (पुरुष-महिला) श्रेणी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में कैंट विधानसभा क्षेत्र में आज इस महाकुंभ का शुभारंभ हुआ।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 April 2026 8:34 PM IST












