हमारे लिए सीखने का अनुभव, रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा पारस डोगरा

हमारे लिए सीखने का अनुभव, रेस्ट ऑफ इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा  पारस डोगरा
रेस्ट ऑफ इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने रेस्ट ऑफ इंडिया के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में उनकी टीम की 167 रन से हार उनके लिए सीखने का एक अहम अनुभव होगा, क्योंकि वे आने वाली रणजी ट्रॉफी सीजन की तैयारी कर रहे हैं।

श्रीनगर, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। रेस्ट ऑफ इंडिया ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जम्मू-कश्मीर को हराकर ईरानी कप का खिताब अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने रेस्ट ऑफ इंडिया के शानदार प्रदर्शन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में उनकी टीम की 167 रन से हार उनके लिए सीखने का एक अहम अनुभव होगा, क्योंकि वे आने वाली रणजी ट्रॉफी सीजन की तैयारी कर रहे हैं।

पहली पारी में 41 रन की बढ़त हासिल करने के बावजूद, मौजूदा रणजी ट्रॉफी चैंपियन जम्मू-कश्मीर का बल्लेबाजी क्रम चौथे दिन ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। 279 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम सिर्फ 111 रन बनाकर सिमट गई। रेस्ट ऑफ इंडिया की तरफ से मुकेश कुमार ने 6 और आकाशदीप ने 3 विकेट चटकाए।

डोगरा ने रविवार को मैच के बाद हुई प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "यह सच में एक अच्छा मैच था। उन्होंने बहुत अच्छा खेला। यह हमारे लिए सीखने का मौका था और खिलाड़ियों ने इससे अच्छी बातें सीखी हैं। इसका श्रेय रेस्ट ऑफ इंडिया को जाता है।" इस मैच को काफी हद तक रेस्ट ऑफ इंडिया के पक्ष में युवा बल्लेबाज स्मरण रविचंद्रन ने मोड़ा, जिन्होंने दूसरी पारी में शानदार 135 रन बनाए और मुकेश चौधरी के साथ मिलकर 9वें विकेट के लिए मैच का रुख बदलने वाली 113 रन की साझेदारी की। जब उनसे पूछा गया कि क्या जम्मू-कश्मीर स्थिति को अलग तरह से संभाल सकता था, तो डोगरा ने विपक्षी टीम के बेहतरीन खिलाड़ियों की तारीफ की।

अनुभवी बल्लेबाज ने कहा, "मैंने इस बारे में काफी सोचा। सारा श्रेय स्मरण को जाता है। उन्होंने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की। मुझे नहीं लगता कि इसके लिए कोई शब्द है, और फिर आकाश और मुकेश ने भी बेहतरीन गेंदबाजी की।" डोगरा ने जम्मू-कश्मीर के घरेलू क्रिकेट सिस्टम में आए बड़े बदलावों का भी जिक्र किया।

उन्होंने हालिया तरक्की का श्रेय पूर्व बल्लेबाज और मौजूदा बीसीसीआई प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास के जेकेसीए में प्रशासनिक योगदान और मैनेजमेंट के लगातार समर्थन को दिया। डोगरा ने कहा, "सब कुछ तब शुरू हुआ जब मिथुन मन्हास आए और टीम की कमान संभाली। मैं सच में शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे इस टीम की अगुवाई करने का मौका दिया। मैनेजमेंट, सिलेक्टर, हर कोई हमारा साथ दे रहा है। आने वाले सीजन का बेसब्री से इंतजार है।" जम्मू-कश्मीर अब श्रीनगर में 11 अक्टूबर को मध्य प्रदेश के खिलाफ अपने रणजी ट्रॉफी खिताब के बचाव की तैयारी करेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Oct 2026 4:20 PM IST

Tags

Next Story