हाईराइज सोसायटी में भीषण आग पर 70 दमकल कर्मियों ने 2 घंटे में पाया काबू, 10 लोगों को किया गया रेस्क्यू

हाईराइज सोसायटी में भीषण आग पर 70 दमकल कर्मियों ने 2 घंटे में पाया काबू, 10 लोगों को किया गया रेस्क्यू
गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बहुमंजिला इमारत के ऊपरी फ्लैटों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 9वें, 10वें और 11वें तल तक पहुंच गई और पूरी बिल्डिंग में काला जहरीला धुआं भर गया।

गाजियाबाद, 29 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद के इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित गौर ग्रीन एवेन्यू सोसायटी में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बहुमंजिला इमारत के ऊपरी फ्लैटों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में 9वें, 10वें और 11वें तल तक पहुंच गई और पूरी बिल्डिंग में काला जहरीला धुआं भर गया।

जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 8:48 बजे फायर स्टेशन वैशाली को घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम पांच दमकल गाड़ियों के साथ मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर स्थिति बेहद गंभीर पाई गई, जहां कई फ्लैटों में आग धधक रही थी और कुछ लोग अंदर फंसे हुए थे। आग की भयावहता को देखते हुए तुरंत अन्य फायर स्टेशनों से भी सहायता मांगी गई।

इसके अलावा गौतमबुद्धनगर से हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म और अतिरिक्त दमकल वाहन भी बुलाए गए। कुल मिलाकर 17 दमकल गाड़ियां, वाटर बाउजर और 2 हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। दमकल विभाग की टीमों ने दो हिस्सों में बंटकर एक ओर आग बुझाने का काम शुरू किया, वहीं दूसरी ओर सीढ़ियों के जरिए फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान लगभग 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल थे, जो ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे। इमारत में फैले घने धुएं और अफरा-तफरी के बीच लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी।

दमकल कर्मियों ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए पूरी बिल्डिंग को खाली कराया। कई फ्लैटों के दरवाजे बंद होने के कारण रेस्क्यू कटर की मदद से दरवाजे काटकर अंदर पहुंचा गया और आग को बुझाया गया। करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

इस दौरान लगभग 70 दमकल कर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्य किया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

हालांकि, कुछ फ्लैटों में धुएं और गर्मी के कारण आंशिक नुकसान हुआ है। इस त्वरित कार्रवाई के चलते आसपास के करीब 22 फ्लैटों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। मौके पर सिविल डिफेंस, पुलिस, मेडिकल टीम, एसडीआरएफ और प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने बचाव कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 April 2026 7:24 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story