हिमाचल में नए जिले बनाने की कवायद तेज, रिटायर्ड जस्टिस धर्म चंद चौधरी की अध्यक्षता में आयोग गठित

हिमाचल में नए जिले बनाने की कवायद तेज, रिटायर्ड जस्टिस धर्म चंद चौधरी की अध्यक्षता में आयोग गठित
हिमाचल प्रदेश में नए जिले बनाने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए चार सदस्यीय आयोग का गठन कर दिया है।

शिमला, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश में नए जिले बनाने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश सरकार ने लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए प्रशासनिक इकाइयों के पुनर्गठन के लिए चार सदस्यीय आयोग का गठन कर दिया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने 14 अक्टूबर को इसकी अधिसूचना जारी कर दी।

जारी अधिसूचना के अनुसार, इस आयोग की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रिटायर्ड जस्टिस धर्म चंद चौधरी करेंगे। आयोग में दो अन्य सदस्यों के तौर पर एडवोकेट विशाल पंवार और सेवानिवृत्त आईएफएस अधिकारी राजेश शर्मा को शामिल किया गया है, जबकि निदेशक भू-अभिलेख को आयोग का सदस्य सचिव बनाया गया है। आयोग का मुख्यालय शिमला में रहेगा।

आयोग प्रदेश में मौजूदा प्रशासनिक ढांचे यानी जिलों, उप-मंडलों, तहसीलों और विकास खंडों की मौजूदा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेगा। समीक्षा के बाद आयोग को यह सिफारिश करनी होगी कि कहां नए जिले, उप-मंडल या तहसीलें बनाना जरूरी है और कहां मौजूदा इकाइयों को आपस में मिलाने या विभाजित करने की आवश्यकता है।

अधिसूचना में कहा गया है कि आयोग अपनी सिफारिशें देते समय कई महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखेगा। इसमें प्रदेश की जनसंख्या, कठिन भौगोलिक परिस्थितियां, आम जनता की प्रशासन तक पहुंच और प्रशासनिक सुविधा को प्रमुखता दी जाएगी।

इसके अलावा, आयोग को यह भी आकलन करना होगा कि नई प्रशासनिक इकाइयां बनाने पर सरकार पर कितना वित्तीय बोझ पड़ेगा और कम से कम खर्च में प्रशासनिक व्यवस्था को कैसे अधिक प्रभावी और जन-हितैषी बनाया जा सकता है।

सरकार ने इस कार्य को पूरा करने के लिए आयोग को छह महीने का समय दिया है। छह महीने के भीतर आयोग को अपनी अंतिम रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपनी होगी। आयोग के कामकाज में सहयोग के लिए राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को जरूरी रिकॉर्ड, नक्शे, आंकड़े और कर्मचारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इस समय 12 जिले हैं। प्रदेश के कई क्षेत्रों से लंबे समय से नए जिले बनाने की मांग उठ रही है। इसमें देहरा गोपीपुर, नूरपुर, सुंदरनगर, पालमपुर, रोहड़ू और अनी जैसे क्षेत्रों को जिला बनाने की मांग प्रमुख है। लोगों का तर्क है कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उन्हें जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे उनके कामकाज में देरी होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Oct 2026 7:47 PM IST

Tags

Next Story