रांची में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का खुलासा, 10 गिरफ्तार, 8 लाख नकद और 36 मोबाइल सहित कई सामान जब्त

रांची में साइबर ठगी के बड़े गिरोह का खुलासा, 10 गिरफ्तार, 8 लाख नकद और 36 मोबाइल सहित कई सामान जब्त
झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से करीब आठ लाख रुपए नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड और कई बैंकों की पासबुक व चेकबुक बरामद की हैं।

रांची, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से करीब आठ लाख रुपए नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड और कई बैंकों की पासबुक व चेकबुक बरामद की हैं।

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आरोपी किराये के फ्लैट में रहकर संगठित तरीके से साइबर ठगी कर रहे थे। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक को 13 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि सुखदेवनगर थाना और पंडरा ओपी क्षेत्र में पिस्का मोड़ के आसपास स्थित पराशर अपार्टमेंट और जतरा मैदान के पास मालती अपार्टमेंट के किराये के फ्लैटों में साइबर ठगी की जा रही है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन में सहायक पुलिस अधीक्षक निखिल राय के नेतृत्व में छापेमारी दल बनाया गया। पुलिस ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई कर 10 आरोपियों को पकड़ा और एक नाबालिग को भी अपने कब्जे में लिया। सभी आरोपियों के खिलाफ साइबर अपराध थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 लाख 98 हजार 100 रुपए नकद, 36 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 32 एटीएम कार्ड, पांच पासबुक और एक चेकबुक बरामद की है। इसके अलावा 12 सिम कार्ड, पांच आधार कार्ड, आठ पैन कार्ड, तीन ड्राइविंग लाइसेंस, एक एनपीएस प्रान कार्ड और एक माइक्रो एसडी कार्ड भी जब्त किया गया है। छापेमारी में 25 नोटबुक भी मिली हैं, जिनमें नाम, मोबाइल नंबर और कथित हिसाब-किताब दर्ज हैं। पुलिस ने एयरटेल पेमेंट बैंक के दो स्मार्ट स्पीकर या रिसीवर उपकरण और एक पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलामू जिले के रितिक कुमार सिंह, अजीत कुमार मेहता उर्फ अजित कुमार कुशवाहा, सूरज कुमार सिंह, अमनदीप कुमार, अमित रंजन, अविनाश कुमार, राजकमल वर्मा, रंजीत कुमार एवं सत्यम कुमार वर्मा और गढ़वा जिले के सूरजदेव कुमार के रूप में हुई है।

रांची पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, एटीएम कार्ड की जानकारी, बैंकिंग पासवर्ड या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर फोन करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 Oct 2026 8:47 PM IST

Tags

Next Story