'कॉन सिटी' की शूटिंग के दौरान अन्ना बेन से बहुत कुछ सीखने को मिला अर्जुन दास (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)

कॉन सिटी की शूटिंग के दौरान अन्ना बेन से बहुत कुछ सीखने को मिला  अर्जुन दास (आईएएनएस एक्सक्लूसिव)
दक्षिण भारतीय सिनेमा के तेजी से उभरते सितारों में शामिल अभिनेता अर्जुन दास इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'कॉन सिटी' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ मलयालम अभिनेत्री अन्ना बेन मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं।

चेन्नई, 27 जून (आईएएनएस)। दक्षिण भारतीय सिनेमा के तेजी से उभरते सितारों में शामिल अभिनेता अर्जुन दास इन दिनों अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'कॉन सिटी' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म में उनके साथ मलयालम अभिनेत्री अन्ना बेन मुख्य भूमिका में नजर आ रही हैं।

अर्जुन दास का कहना है कि वह जिस भी कलाकार के साथ काम करते हैं, उससे कुछ न कुछ नया जरूर सीखते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने बताया कि 'कॉन सिटी' की शूटिंग के दौरान उन्हें अन्ना बेन से भी कई अहम बातें सीखने का मौका मिला।

आईएएनएस से खास बातचीत में अर्जुन दास ने कहा कि उनके लिए अभिनय हमेशा एक सहयोगात्मक प्रक्रिया रही है। उन्होंने कहा, "मैं हर उस अभिनेता से कुछ न कुछ सीखता हूं जिसके साथ काम करता हूं। जब सामने वाला कलाकार अभिनय कर रहा होता है, तो मैं उसे ध्यान से देखता हूं। मेरी कोशिश रहती है कि मैं भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दूं, ताकि उससे दूसरे कलाकार को भी बेहतर अभिनय करने में मदद मिले।"

जब अर्जुन दास से पूछा गया कि 'कॉन सिटी' में अन्ना बेन से उन्होंने सबसे बड़ी क्या चीज सीखी, तो उन्होंने अपनी बात रखी। अर्जुन ने कहा, "मुझे सबसे ज्यादा उनकी अपने किरदार को निभाने की शैली ने प्रभावित किया। वह बहुत आसानी से किरदार में उतर जाती हैं और उतनी ही सहजता से उससे बाहर भी आ जाती हैं।"

उन्होंने कहा, "चाहे किसी भावुक दृश्य में आंसू बहाने हों, मुस्कुराना हो या फिर अपने संवाद बोलने हों, अन्ना हर सीन को बेहद सहज तरीके से निभाती हैं। सबसे खास बात यह है कि तमिल उनकी मातृभाषा नहीं है, फिर भी उन्होंने भाषा को अच्छी तरह सीखा और निर्देशक हरीश दुरैराज की उम्मीदों के मुताबिक शानदार प्रदर्शन किया। किसी कलाकार को हर दिन इतने आत्मविश्वास और सटीकता के साथ काम करते देखना मेरे लिए सीखने जैसा अनुभव रहा।"

बता दें कि 'कॉन सिटी' का लेखन और निर्देशन हरीश दुरैराज ने किया है। फिल्म में अर्जुन दास और अन्ना बेन के अलावा योगी बाबू, वडिवुक्करासी, इम्मान अन्नाची और अखिलन भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

फिल्म के तकनीकी पक्ष की बात करें तो इसका संगीत शॉन रोल्डन ने तैयार किया है, जबकि सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी अरविंद विश्वनाथन ने संभाली है। फिल्म की एडिटिंग अरुल मोसेस ए ने की है और प्रोडक्शन डिजाइन राज कमल का है। कॉस्ट्यूम डिजाइन नवा राम्बो राजकुमार ने तैयार किए हैं, जबकि गीतों के बोल मोहन राजन ने लिखे हैं। फिल्म के डांस सीक्वेंस संतोष ने कोरियोग्राफ किए हैं और एक्शन सीन्स की जिम्मेदारी एक्शन संतोष ने निभाई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 Jun 2026 12:25 PM IST

Tags

Next Story