जन्मदिन पर फैंस से मिले प्यार पर आशा नेगी ने जताया आभार, बोलीं- 'मैं बहुत भाग्यशाली हूं'
मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। टीवी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाली अभिनेत्री आशा नेगी ने अपने जन्मदिन के मौके पर मिले फैंस, दोस्तों और करीबियों के प्यार के लिए खास अंदाज में शुक्रिया कहा। जन्मदिन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें वह घर पर पूजा करती नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों के साथ अभिनेत्री ने अपने दिल की बात लिखते हुए बताया कि लोगों की शुभकामनाओं, फोन कॉल, मैसेज, फूलों और छोटी-छोटी कोशिशों ने उनका दिन बेहद खास बना दिया।
आशा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई तस्वीरें पोस्ट की। इन तस्वीरों में वह पूजा करती दिखाई दे रही हैं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने खुद को भाग्यशाली' बताया।
आशा ने कैप्शन में लिखा, ''हर विश, मैसेज, कॉल, फूल और छोटी-छोटी कोशिशों के लिए धन्यवाद, जिससे मुझे इतना प्यार महसूस हुआ। मैं अपनी जिंदगी में इतने सारे खूबसूरत लोगों को पाकर बहुत खुश और भाग्यशाली महसूस करती हूं। लोगों के प्यार, साथ में बिताए पलों, हंसी-मजाक और उन शांत पलों के लिए शुक्रगुजार हूं। इन सभी चीजों से मेरा दिल भर आया है।''
आशा ने अपने जन्मदिन को खास बनाने के लिए सभी का धन्यवाद करते हुए कहा,
''लोगों के प्यार ने मेरा यह दिन गर्मजोशी से भर दिया। इस दिन को इतना खास बना दिया कि मैं इसे लंबे समय तक याद रखूंगी।''
अपने पोस्ट में आशा ने उन फैंस का भी जिक्र किया, जो उनसे लाइव सेशन करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''मैं एक-दो दिन में अपने फैंस के लिए लाइव आऊंगी। मैं आपकी कोशिशों को देख रही हूं और आपके प्यार की कद्र करती हूं। ये मेरा वादा है कि मैं जल्द ही लाइव आऊंगी।''
बता दें कि आशा नेगी टीवी की दुनिया का जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने साल 2010 में टीवी शो 'सपनों से भरे नैना' से एक्टिंग की शुरुआत की थी। इस शो में उन्होंने मधुरा का किरदार निभाया था। इसके बाद साल 2011 में वह एकता कपूर के मशहूर शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' में नजर आईं।
हालांकि, आशा को असली पहचान 'पवित्र रिश्ता' से मिली। इस शो में उन्होंने पूर्वी देशमुख का किरदार निभाया था। साल 2011 से 2014 तक इस शो का हिस्सा रहकर उन्होंने घर-घर में अपनी पहचान बना ली। शो में उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसी दौरान उनकी जोड़ी ऋत्विक धनजानी के साथ भी काफी लोकप्रिय हुई।
साल 2013 में आशा ने ऋत्विक धनजानी के साथ डांस रियलिटी शो 'नच बलिए 6' में हिस्सा लिया और दोनों ने शो की ट्रॉफी अपने नाम की। इसके बाद आशा 'एक मुट्ठी आसमान' और 'कुछ तो है तेरे मेरे दरमियां' जैसे टीवी शोज में भी नजर आईं।
आशा ने टीवी के साथ रियलिटी शो में भी अपनी पहचान बनाई। वह 'खतरों के खिलाड़ी 6' में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुई थीं। इसके बाद उन्होंने वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा और साल 2019 में 'बारिश' में गौरवी करमाकर का किरदार निभाया। इस सीरीज को भी दर्शकों ने पसंद किया।
टीवी और वेब के बाद आशा ने फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने अनुराग बसु की फिल्म 'लूडो' से हिंदी फिल्मों में डेब्यू किया, जिसमें वह सपोर्टिंग रोल में नजर आई थीं। इसके अलावा वह फिल्म 'कॉलर बम' में भी काम कर चुकी हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 Aug 2026 2:29 PM IST












