पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी यात्रा
नई दिल्ली, 1 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में एक महीने का विशेष जनसंपर्क अभियान 'सेवा संकल्प अभियान' शुरू करेगी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर से भी जुड़ा होगा।
अभियान का सबसे प्रमुख आकर्षण 'वडनगर से वाराणसी यात्रा' होगी, जिसे 'जन्मभूमि से कर्मभूमि यात्रा' के रूप में भी प्रस्तुत किया जा रहा है। इस यात्रा के तहत प्रधानमंत्री मोदी की जन्मस्थली गुजरात के वडनगर से उनकी कर्मभूमि उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक साथ यात्राएं शुरू होंगी।
योजना के अनुसार वडनगर और वाराणसी से 10-10 टीमें एक ही दिन रवाना होंगी। वाराणसी से निकलने वाली टीमें एक महीने में वडनगर पहुंचेंगी, जबकि वडनगर से चलने वाली टीमें इसी अवधि में वाराणसी पहुंचेंगी। प्रत्येक टीम प्रतिदिन करीब 100 किलोमीटर की यात्रा करेगी। इनमें बाइक सवार, बसें और भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो केंद्र और राज्यों की भाजपा सरकारों की उपलब्धियों का संदेश लोगों तक पहुंचाएंगे।
यात्रा के दौरान टीमें प्रतिदिन निर्धारित दूरी तय करने के बाद विभिन्न स्थानों पर रुकेंगी और चार विशेष कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी। इन कार्यक्रमों के जरिए नरेंद्र मोदी सरकार और संबंधित राज्य सरकारों की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।
इसके अलावा भाजपा ने पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण तक संपर्क बढ़ाने के लिए अन्य यात्राओं की भी योजना बनाई है। अभियान के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान, स्वास्थ्य और स्वच्छता अभियान तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।
भाजपा युवाओं को जोड़ने और सेवा तथा जनकल्याण का संदेश फैलाने पर विशेष जोर देगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, इस पहल का उद्देश्य प्रधानमंत्री के जन्मदिन को पारंपरिक उत्सव की बजाय सेवा कार्यों से जोड़ना है।
देशभर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के इस अभियान में शामिल होने की संभावना है। वे आम लोगों से संपर्क कर केंद्र और राज्य सरकारों की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। पार्टी इस महीने भर चलने वाले अभियान को जनता से अपने जुड़ाव को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़े प्रयास के रूप में देख रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 Sept 2026 7:46 PM IST












