नॉर्वेजियन सागर में रूसी विमान की संदिग्ध गतिविधि, ब्रिटिश एफ-35 ने किया इंटरसेप्ट

नॉर्वेजियन सागर में रूसी विमान की संदिग्ध गतिविधि, ब्रिटिश एफ-35 ने किया इंटरसेप्ट
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि दो ब्रिटिश एफ-35 लड़ाकू विमानों ने एक रूसी समुद्री गश्ती विमान को रोका और उसे एस्कॉर्ट किया, क्योंकि वह बार-बार ब्रिटिश विमानवाहक पोत के पास आ रहा था। यह घटना नॉर्वेजियन सागर में हुई।

लंदन, 6 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि दो ब्रिटिश एफ-35 लड़ाकू विमानों ने एक रूसी समुद्री गश्ती विमान को रोका और उसे एस्कॉर्ट किया, क्योंकि वह बार-बार ब्रिटिश विमानवाहक पोत के पास आ रहा था। यह घटना नॉर्वेजियन सागर में हुई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर मंत्रालय ने कहा कि रूसी 'बेयर-एफ' विमान ने 'एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स' के बहुत नजदीक और बिना जरूरत के उड़ान भरी और इलाके में कई सोनोबॉय भी गिराए। ये ऐसे उपकरण होते हैं जो पानी के नीचे पनडुब्बियों और अन्य गतिविधियों का पता लगाने और उन्हें ट्रैक करने के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। इसके अलावा, रूसी विमान ने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा रेडियो फ्रीक्वेंसी पर कोई जवाब भी नहीं दिया।

ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना दो जुलाई को उस समय हुई जब ब्रिटिश कैरियर स्ट्राइक ग्रुप 'ऑपरेशन फायरक्रेस्ट' के तहत काम कर रहा था।

मंत्रालय ने बताया कि 'एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स' से ऑपरेट कर रहे दो एफ-35 लड़ाकू विमानों ने उस रूसी विमान को इंटरसेप्ट किया और तब तक उसके साथ रहे जब तक वह उस क्षेत्र से बाहर नहीं निकल गया।

मंत्रालय ने 'एक्‍स' पर लिखा, “नॉर्थ अटलांटिक में ऑपरेशन 'फायरक्रेस्ट' के दौरान, यूके कैरियर स्ट्राइक ग्रुप के पास बार-बार एक रूसी ‘बयेर-एफ’ समुद्री गश्ती विमान आया। उसने 'एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स' के बहुत करीब उड़ान भरी, आसपास कई सोनोबॉय गिराए, और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा फ्रीक्वेंसी पर जवाब नहीं दिया। यह व्यवहार असुरक्षित और अनुशासनहीन था।”

ब्रिटेन का कैरियर स्ट्राइक ग्रुप अभी भी नाटो के सहयोगियों के साथ मिलकर हाई नॉर्थ इलाके में काम कर रहा है और आर्कटिक तथा नॉर्थ अटलांटिक की सुरक्षा पर ध्यान दे रहा है।

रिपोर्ट लिखे जाने तक रूस की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई।

इसी बीच, ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने यह भी बताया कि 'एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स' के नेतृत्व में ब्रिटेन का कैरियर स्ट्राइक ग्रुप यूरोप और नॉर्थ अटलांटिक की सुरक्षा में मदद कर रहा है। पहली बार एफ-35 लड़ाकू विमान इस जहाज से नाटो एयर पुलिसिंग मिशन में शामिल हुए हैं।

डिफेंस सेक्रेटरी डैन जार्विस, आइसलैंड की विदेश मंत्री थोरगेरदुर कैटरीन गुन्नार्सडॉटिर के साथ मिलकर 'एचएमएस प्रिंस ऑफ वेल्स' पर मौजूद ब्रिटिश सैनिकों से मिले। यह जहाज इस समय नाटो कमांड के तहत आइसलैंड के पास तैनात है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   6 July 2026 10:02 PM IST

Tags

Next Story