पायलट बनने की चुनौतियों को याद कर भावुक हुईं गुल पनाग, 10 साल बाद कराया लाइसेंस रिन्यू
मुंबई, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'डोर' फिल्म की मशहूर अभिनेत्री गुल पनाग ने हाल ही में 10 साल बाद अपना प्राइवेट पायलट का लाइसेंस रिन्यू करवाते हुए थोड़ी भावुक हो गईं। दरअसल, वे अभिनेत्री होने के साथ-साथ गुल पनाग एक लाइसेंस प्राप्त प्राइवेट पायलट भी हैं।
गुल पनाग ने लाइसेंस मिलने के समय को याद करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर लिखा, "जिंदगी आखिरकार नजरिए की बात है। 10 साल पहले, जब मुझे अपना फ्लाइंग लाइसेंस मिला था, मैं बहुत खुश थी। यह बहुत लंबे समय से मेरी ख्वाहिश थी। और ऐसे लोगों की कमी नहीं थी जो मुझसे कहते थे कि मैं यह नहीं कर सकती। या नहीं कर पाऊंगी।"
'द फैमिली मैन' फिल्म की अभिनेत्री ने पायलट बनने के अपने सपने को साकार करने के लिए जिन बाधाओं को पार करना पड़ा, उन पर भी विचार किया।
उन्होंने लिखा, "उड़ान प्रशिक्षण शुरू करना एक बात है। निर्धारित उड़ान घंटों को पूरा करना और साथ ही करियर बनाना, सभी परीक्षाएं पास करना, कागजी कार्रवाई को संभालना, मेडिकल सर्टिफिकेट को अपडेट रखना और पूरी प्रक्रिया को अंत तक पूरा करना बिल्कुल अलग बात है। व्यक्तिगत रूप से, ये सभी अपेक्षाकृत सरल चीजें हैं। हालांकि जब आप इसे पेशे के तौर पर नहीं कर रहे होते हैं, तो ये सब मिलकर एक बड़ा काम बन जाता है लेकिन मैंने कर दिखाया। और जब आखिरकार मुझे लाइसेंस मिला, तो मैं बेहद खुश थी। मेरी एक बहुत बड़ी ख्वाहिश पूरी हो गई।"
गुल पनाग ने कहा कि आधिकारिक तौर पर पायलट बनने के दस साल बाद, उन्हें एहसास हुआ कि लाइसेंस प्राप्त करना एक बात है; उसे बनाए रखना बिल्कुल अलग बात है।
उन्होंने आगे कहा कि वह ऐसे कई लोगों को जानती हैं जिन्होंने उड़ान भरना शुरू तो किया लेकिन अपना प्रशिक्षण कभी पूरा नहीं किया, या ऐसे लोग जिन्होंने उड़ान घंटे तो पूरे कर लिए लेकिन परीक्षा पास नहीं कर पाए। और फिर ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने लाइसेंस तो प्राप्त कर लिया लेकिन अंततः उसे समाप्त होने दिया।
अभिनेत्री ने कहा, "जीवन, काम, स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें, या बस पर्याप्त उड़ान न भरना। ऐसा बहुत आसानी से हो जाता है, खासकर तब जब उड़ान भरना आपका पेशा न हो।"
गुल पनाग ने कहा, "अब मैं न केवल यहां तक पहुंचने में लगी मेहनत को समझती हूं बल्कि आगे बढ़ते रहने में लगी मेहनत को भी समझती हूं। पहली बार, मैं खुद को शाबाशी दे रही हूं। इस बार, एक छात्रा के रूप में नहीं बल्कि लाइसेंस प्राप्त पायलट के रूप में लाइसेंस नवीनीकरण के लिए लौटना, काफी अलग अनुभव रहा। फिर भी, कुछ चीजें नहीं बदली हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 Oct 2026 4:00 PM IST












