जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला कैबिनेट का विस्तार, उपराज्यपाल ने 4 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ

जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला कैबिनेट का विस्तार, उपराज्यपाल ने 4 नए मंत्रियों को दिलाई शपथ
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली केंद्र जम्मू-कश्मीर सरकार के चार नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

श्रीनगर, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली केंद्र जम्मू-कश्मीर सरकार के चार नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ लेने वाले चार नए मंत्रियों में जम्मू और कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (जेकेएनसी) के वरिष्ठ नेता और श्रीनगर के खानयार विधानसभा क्षेत्र से विधायक अली मोहम्मद सागर शामिल हैं। सागर अब तक रिकॉर्ड सात बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं।

श्रीनगर के हब्बा कदल विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रही शमीमा फिरदौस को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई। इसके अलावा कुपवाड़ा जिले के त्रेहगाम क्षेत्र से विधायक मीर सैफुल्लाह और अनंतनाग जिले के पहलगाम क्षेत्र से विधायक अल्ताफ अहमद वानी उर्फ अल्ताफ कालू ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ लेने वाले चारों विधायक सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस से हैं। जिन मंत्रियों को बरकरार रखा गया है, उनमें उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी, सकीना इटू, जावेद राणा और जावेद अहमद डार शामिल हैं।

शपथ ग्रहण के साथ जम्मू-कश्मीर कैबिनेट की कुल संख्या मुख्यमंत्री सहित नौ हो गई है। पुनर्गठन अधिनियम 2019 के बाद कैबिनेट की यह अधिकतम संख्या है। जम्मू-कश्मीर कैबिनेट में 90 सदस्यों वाली विधानसभा की संख्या का अधिकतम 10 प्रतिशत यानी 9 मंत्री हो सकते हैं।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, कैबिनेट में फेरबदल और विस्तार बेहतर शासन और लोगों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए किया गया है ताकि उनकी शिकायतों का तुरंत और जल्दी निवारण हो सके। उमर अब्दुल्ला ने पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला के परामर्श से अली मोहम्मद सागर, मीर सैफुल्लाह और शमीमा फिरदौस जैसे वरिष्ठ नेताओं को शामिल करना सुनिश्चित किया है।

शपथ ग्रहण समारोह श्रीनगर शहर के चश्मा शाही इलाके में लोक भवन ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया था। समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, एनसी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, बरकरार रखे गए मंत्री, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, एनसी के वरिष्ठ नेता और विधायक मुबारक गुल, सिविल और पुलिस अधिकारी तथा उपराज्यपाल द्वारा आमंत्रित कई प्रमुख नागरिक उपस्थित थे।

अब जम्मू-कश्मीर सरकार में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला सहित 9 मंत्री हैं, जिनमें सकीना इटू, जावेद डार, जावेद राणा, अली सागर, शमीमा फिरदौस, अल्ताफ कालू, मीर सैफुल्लाह और सुरिंदर चौधरी शामिल हैं।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story