पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से निसांका बाहर, श्रीलंका ने लाहिरू उदारा को दिया मौका

कोलंबो, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। टीम के सलामी बल्लेबाज पथुम निसांका चोट की वजह से टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
पथुम निसांका बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर रहे हैं। निसांका की जगह श्रीलंका की टीम में लाहिरू उदारा को शामिल किया गया है। श्रीलंका क्रिकेट ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की।
श्रीलंका क्रिकेट ने अपने बयान में कहा, "पथुम निसांका पाकिस्तान के खिलाफ आने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाएंगे। वह अभी तक अपनी बाईं हैमस्ट्रिंग की चोट से उबर नहीं पाए हैं। क्रिकेट सिलेक्शन कमेटी ने उनकी जगह लाहिरू उदारा को शामिल किया है। उदारा श्रीलंका की वनडे टीम का हिस्सा होने की वजह से पहले से ही पाकिस्तान में हैं।"
निसांका को पूर्व घोषित टेस्ट टीम में शामिल किया गया था। हालांकि, उनका खेलना पूरी तरह से फिटनेस पर निर्भर था। उदारा के पहले से पाकिस्तान में मौजूद होने की वजह से श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के लिए उनका चयन आसान हो गया। लाहिरू उदारा ने 5 टेस्ट मैचों में 1 शतक की मदद से 313 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 188 है।
दो टेस्ट मैचों की यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप साइकिल का हिस्सा है। पहला टेस्ट 9 नवंबर से रावलपिंडी में और दूसरा टेस्ट 17 नवंबर को लाहौर में खेला जाएगा।
श्रीलंका की टीम की कप्तानी कुसल मेंडिस करेंगे। इस टीम में अनुभवी दिनेश चांदीमल, धनंजय डी सिल्वा और कामिंडू मेंडिस भी हैं। दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा और अंजला बंडारा भी टीम का हिस्सा हैं।
श्रीलंका वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सातवें स्थान पर है, जबकि पाकिस्तान नौवें स्थान पर है। आने वाली सीरीज दोनों टीमों को कॉम्पिटिशन में अपनी स्थिति मजबूत करने का मौका देगी।
श्रीलंका की अपडेटेड टीम: कुसल मेंडिस (कप्तान), अंजला बंडारा, दिनेश चांदीमल, धनंजय डी सिल्वा, सोनल दिनुशा, असिथा फर्नांडो, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, कामिंडू मेंडिस, लाहिरू उदारा, केशरा नुवांथा, मिलन रथनायका, पासिंदू सूर्यबंदारा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
