केरल में एक दशक तक सत्ता में रहने के बाद सीपीआई (एम) अपने अंतिम दौर में वीडी सतीशन
कोच्चि, 19 मार्च (आईएएनएस)। आगामी केरल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। इस बीच विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वीडी सतीशन ने सत्तारूढ़ सीपीआई (एम) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के अंदर हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं और अब इसकी आंतरिक दरारें खुलकर सामने आने लगी हैं।
वीडी सतीशन ने गुरुवार को कहा, "पश्चिम बंगाल में पार्टी के पतन में 33 साल लगे थे लेकिन केरल में सीपीआई (एम) कहीं ज्यादा तेजी से उसी दिशा में बढ़ती दिख रही है।" उन्होंने कहा कि करीब एक दशक से सत्ता में रहने के बाद अब स्थिति ऐसी हो गई है कि पार्टी के अंदर के मतभेद छिपाए नहीं छिप रहे।
बता दें कि केरल में 140 सीटों वाली विधानसभा के लिए 9 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में राज्य का राजनीतिक माहौल तेजी से बदल रहा है। जहां एक तरफ वाम मोर्चा आलोचनाओं का सामना कर रहा है।
वहीं, कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने अब तक अपने उम्मीदवारों की पहली सूची ही जारी की है।
दिल्ली से लौटने के बाद कोचीन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए वीडी सतीशन ने कहा कि अब सीपीआई (एम) के वरिष्ठ नेता भी खुले तौर पर पार्टी के खिलाफ कड़े बयान दे रहे हैं, जो स्थिति की गंभीरता को दिखाता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के पारंपरिक समर्थकों और सहयोगियों में भी निराशा बढ़ रही है। पिछले 10 वर्षों में सरकार के कामकाज के तरीके से लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और असंतोष अब सिर्फ विपक्ष तक सीमित नहीं रह गया है।
वीडी सतीशन ने आने वाले दिनों में और राजनीतिक हलचल के संकेत भी दिए। उन्होंने कहा कि पहले भी ऐसे संकेत दिए गए थे, लेकिन उन्हें नजरअंदाज कर दिया गया।
वहीं, विपक्षी मोर्चे पर उन्होंने बताया कि यूडीएफ ने उम्मीदवारों को लेकर ज्यादातर मुद्दे सुलझा लिए हैं और जल्द ही करीब 40 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 1:15 PM IST












