उगादी पर आंध्र प्रदेश के सीएम ने तेलुगु लोगों को दी बधाई, उगादी पचड़ी का बताया महत्व
विजयवाड़ा, 19 मार्च (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू ने सभी तेलुगु लोगों को उगादी की ढेर सारी शुभकामनाएं दी। उगादी तेलुगु लोगों के लिए साल का पहला त्योहार है और इसके साथ ही सभी त्योहारों की शुरुआत होती है।
उन्होंने बताया कि अभी ब्रह्मश्री डॉ. मडगुला नाग फणी शर्मा ने भी बात की और कहा कि 'पराभव नाम संवत्सर' (नया तेलुगू वर्ष) सभी दृष्टियों से शुभ रहेगा। हम सभी उम्मीद करते हैं कि उनकी बात सच हो।
उन्होंने कहा कि उगादी की बधाई सिर्फ आंध्र प्रदेश या तेलंगाना के लोगों के लिए ही नहीं है, बल्कि देश के दूसरे राज्यों में और दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले सभी तेलुगु लोगों के लिए है। यह त्यौहार हमारे रीति-रिवाज और जीवन के महत्व को भी दर्शाता है।
सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि आज के दिन उगादी पचड़ी का बड़ा महत्व होता है। इसमें अलग-अलग स्वाद होते हैं, मीठा, खट्टा, नमकीन, तीखा, कड़वा और कसैला। ठीक वैसे ही जैसे हमारे जीवन में खुशियां और परेशानियां दोनों होती हैं। कुछ लोगों को ज्यादा चुनौतियों का सामना करना पड़ता है, तो कुछ लोग जीवन में संतुलन बनाए रखते हैं। हम सभी में यह ताकत होती है कि हम मुश्किलों को पार कर सकें।
उन्होंने कहा कि तेलुगू पंचांग में कुल साठ वर्ष होते हैं और प्रत्येक वर्ष का एक विशिष्ट नाम होता है। इस साल का नाम है 'पराभव नाम संवत्सर'। यह साल हमारे लिए नए अवसर, नई उम्मीदें और नई ऊर्जा लेकर आया। हम सबको चाहिए कि हम अपने जीवन में आने वाली खुशियों और चुनौतियों को अच्छे से स्वीकार करें और संतुलित तरीके से आगे बढ़ें।
सीएम ने कहा, "इस उगादी पर मैं सभी तेलुगु भाइयों और बहनों से यही कहूंगा कि अपने परिवार और दोस्तों के साथ मिलकर त्योहार मनाएं, खुश रहें और अपने जीवन में सकारात्मकता बनाए रखें। भगवान से यही प्रार्थना है कि यह साल सभी के लिए स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशियां लेकर आए। उगादी की हार्दिक शुभकामनाएं!"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 1:09 PM IST












