वाराणसी इफ्तार पार्टी विवाद ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा प्रमुख का बयान राजनीति से प्रेरित

वाराणसी इफ्तार पार्टी विवाद ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला, बोले- सपा प्रमुख का बयान राजनीति से प्रेरित
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को सिर्फ अपने वोटबैंक के लिए यही (बचाव) करना है।

लखनऊ, 19 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को सिर्फ अपने वोटबैंक के लिए यही (बचाव) करना है।

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अखिलेश यादव को सिर्फ अपने वोटबैंक के लिए यही करना है। किस कुरान में यह लिखा है कि किसी को गंगा नदी पर जाकर, नाव में बैठकर रोजा खोलना चाहिए? वे (अखिलेश) सिर्फ अपने वोट के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। अखिलेश का बयान सिर्फ राजनीति से प्रेरित है।"

उन्होंने नाव पर इफ्तार पार्टी को लेकर कड़ी आलोचना की। राजभर ने कहा, "यह पहली बार देखने और सुनने को मिल रहा है कि लोग गंगा नदी में नाव पर रोजा खोल रहे हैं और बिरयानी काट रहे हैं। यह बिल्कुल गलत है। सरकार इस पर कार्रवाई कर रही है।"

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है। संविधान के दायरे में सभी को बराबरी का अधिकार है। इसलिए सभी लोग अपने त्योहार मनाने के लिए स्वतंत्र हैं। ऐसा करने में कोई समस्या नहीं है। आज से चैत्र नवरात्रि शुरू हो गई है और जो लोग व्रत रख रहे हैं और दूसरे समुदाय के लोग रोजा रख रहे हैं, वे इसे अपने-अपने तरीके से जारी रखें।

इससे पहले, अखिलेश यादव ने गंगा नदी के बीच नाव पर इफ्तार पार्टी के आयोजन का बचाव किया। उन्होंने उल्टे सवाल किया कि नाव पर इफ्तार मनाने में क्या दिक्कत है? उन्होंने अपने बयान में कहा, "उन्हें (पार्टी आयोजकों) को जिलाधिकारी, एसपी और अन्य अधिकारियों को भी खाना खिलाना चाहिए था। क्या आपको पता नहीं 'हथेली गर्म, पुलिस नरम'। उन्होंने हथेली गर्म नहीं की होगी। अगर हथेली पर ईदी रख देते तो सब कुछ ठीक चल रहा होगा।"

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ ईडी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लेकर मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, "अदालत के फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकता। अदालत ने जो कुछ भी कहा है, वह सही है और पूरी तरह से विचार-विमर्श के बाद ही कहा गया है।"

इसी बीच, ओम प्रकाश राजभर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ भाजपा सांसद कंगना रनौत की टिप्पणी पर उनका बचाव किया। राजभर ने कहा, "कंगना रनौत सदन की सदस्य हैं। उन्हें शायद ऐसा ही महसूस हुआ होगा, इसीलिए उन्होंने ऐसा बयान दिया।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 March 2026 1:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story