राजीव अदातिया ने किया नोरा फतेही का बचाव, बोले, सिर्फ कलाकार को दोष देना गलत, पूरी टीम जिम्मेदार
मुंबई, 19 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेत्री नोरा फतेही इन दिनों सॉन्ग 'सरके चुनर' को लेकर विवादों में घिरी हुई हैं। रिलीज होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर गाने को लेकर भारी विरोध देखने को मिल रहा है। कई लोगों ने इसके बोल और प्रस्तुति पर आपत्ति जताई, जिसके बाद से मामला इतना बढ़ गया कि गाने को बैन कर दिया गया है।
गुरुवार को मशहूर इंफ्लूएंसर और बिग बॉस के पूर्व कंटेस्टेंट राजीव दतिया ने इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर किया और पूरे मामले के बारे में अपने विचार व्यक्त किए। राजीव ने लिखा, "आप सिर्फ नोरा फतेही को दोष देकर कहानी को खत्म नहीं कर सकते। कोई भी गाना अचानक तैयार नहीं हो जाता, बल्कि इसके पीछे एक बड़ी टीम की मेहनत होती है।"
राजीव ने लिखा कि एक गाना तैयार होने में गीतकार, गायक, निर्देशक, कैमरा टीम, कोरियोग्राफर, प्रोड्यूसर और म्यूजिक लेबल जैसे कई लोग शामिल होते हैं। ऐसे में केवल स्क्रीन पर दिखने वाले कलाकार को जिम्मेदार ठहराना गलत है। उन्होंने लिखा, "एक गाने में 80 से 100 लोग शामिल होते हैं और क्या सच में किसी ने इसे नहीं देखा या सवाल नहीं किया? यह विश्वास करना मुश्किल है। स्क्रीन पर दिख रहे चेहरे पर उंगली उठाना आसान है, लेकिन असली जिम्मेदारी उन लोगों पर है जिन्होंने इसे बनाया, मंजूर किया और जानबूझकर जनता तक पहुँचाया।
राजीव ने नोट शेयर करते हुए लिखा, "सिर्फ नोरा फतेही को दोष देना गलत है। एक गाने के लिए पूरी टीम मेहनत करती है। इसे शुरुआत में ही रोका जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। गाना पहले से ही तैयार, लिखा हुआ और फिर नोरा के सामने पेश किया गया। गाने के बोल में जो अश्लीलता लिखी गई थी, वह पहले से मौजूद थी।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 1:03 PM IST












