पहाड़ों के बीच फिर दिखा मंदाकिनी का खूबसूरत अंदाज, हिमाचली पहनावे में आईं नजर
मुंबई, 12 जुलाई (आईएएनएस)। 80 के दशक में अपनी अदाकारी और खूबसूरती से लाखों लोगों के दिलों पर राज करने वाली मंदाकिनी भले ही फिल्मों से दूर हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी कायम है। जब भी वह किसी खास अंदाज में नजर आती हैं, फैंस उनकी तस्वीरों और वीडियोज को जमकर पसंद करते हैं। इस बार अभिनेत्री हिमाचली संस्कृति के रंग में रंगी नजर आईं।
मंदाकिनी ने रविवार को इंस्टाग्राम पर मनाली की कुछ खूबसूरत तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों में वह हिमाचली पहनावे में बेहद खूबसूरत नजर आईं। उन्होंने सिर पर हिमाचली अंदाज की टोपी और पारंपरिक पोशाक पहनी हुई थी। इसके साथ उनकी पीठ पर फूलों से सजी पारंपरिक टोकरी भी दिखाई दी, जिसने उनके पूरे लुक को और खास बना दिया। पोस्ट में उन्होंने बताया कि मनाली की यात्रा उनके लिए खुद से दोबारा जुड़ने जैसा एहसास है।
अपनी तस्वीरें शेयर करते हुए मंदाकिनी ने लिखा, ''एक खास तरह की खुशी होती है, जो सिर्फ पहाड़ों में महसूस होती है। देवदार के पेड़ों की सरसराहट, ठंडी हवा का एहसास और प्रकृति की खूबसूरती एक अलग ही शांति देती है। मनाली में हर सूर्योदय किसी आशीर्वाद जैसा लगता है, हर रास्ता एक कहानी कहता है और हर पल जिंदगी को धीरे-धीरे जीने का मौका देता है।''
उन्होंने आगे लिखा, ''कुछ यात्राएं सिर्फ खूबसूरत जगहों तक नहीं ले जातीं, बल्कि हमें खुद से भी मिलाती हैं। हर नजारा दिल में आभार भर देता है, पहाड़ों की ताजी हवा मन को शांति देती है और हर पल एक ऐसी याद बन जाता है जिसे हमेशा संभालकर रखा जा सकता है।''
मंदाकिनी के करियर की बात करें, तो लोग आज भी उन्हें उनकी चर्चित फिल्म 'राम तेरी गंगा मैली' के लिए याद करते हैं। राज कपूर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने उनके करियर को नई पहचान दी और उन्हें हिंदी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्रियों में शामिल कर दिया। इसके अलावा, उन्होंने 'डांस डांस', 'कमांडो', 'जीते हैं शान से' और 'ना-इंसाफी' जैसी फिल्मों में भी काम किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 July 2026 3:06 PM IST












