राजस्थान में 28 मार्च से धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट
जयपुर, 25 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने 28 मार्च से राज्य के कई जिलों में धूल भरी आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आठ जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि 25 से 27 मार्च के बीच राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहेगा। हाल ही में आई धूल भरी आंधी और बारिश का असर मंगलवार को थम गया था, लेकिन अब एक नया सिस्टम सक्रिय होने की तैयारी में है।
दरअसल, एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में बादल छाए रहे। जैसलमेर और बाड़मेर जैसे इलाकों में हल्की धूल भरी हवाएं चलीं, वहीं तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की गई।
राजधानी जयपुर में दिनभर तेज धूप और साफ आसमान रहा। यहां अधिकतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 33 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रही, जबकि दिन में चलने वाली हल्की हवा से मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा। राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे ही दर्ज किया गया।
वहीं, जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर, सिरोही, श्रीगंगानगर, बीकानेर और जोधपुर जैसे जिलों में कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बादल छाए रहे।
लगातार आ रहे वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई है और राज्य के ज्यादातर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटों में चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में पारा 36.8 डिग्री तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो पूर्वी राजस्थान के फतेहपुर में यह 14.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिमी राजस्थान के चूरू में न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि फिलहाल एक कमजोर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी राजस्थान में सक्रिय है, जिससे सीमावर्ती इलाकों में हल्के बादल छाए हुए हैं, जबकि बाकी हिस्सों में मौसम साफ बना हुआ है।
उन्होंने यह भी कहा कि 28 मार्च से एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से राज्य के कई जिलों में मौसम बदल सकता है। इसके असर से बादल छाने के साथ धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 1:02 PM IST












