रिकी मार्टिन, अशर और टिएस्टो के साथ म्यूजिक वीकेंड का हिस्सा बने मीका सिंह, लास वेगास में जमाया रंग

रिकी मार्टिन, अशर और टिएस्टो के साथ म्यूजिक वीकेंड का हिस्सा बने मीका सिंह, लास वेगास में जमाया रंग
बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह ने एक बार फिर इंटरनेशनल मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। हाल ही में उन्होंने अमेरिका के लास वेगास में दीपावली और हैलोवीन के खास मौके को संगीत के जरिए सेलिब्रेट किया।

मुंबई, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर मीका सिंह ने एक बार फिर इंटरनेशनल मंच पर अपनी आवाज का जादू बिखेरा। हाल ही में उन्होंने अमेरिका के लास वेगास में दीपावली और हैलोवीन के खास मौके को संगीत के जरिए सेलिब्रेट किया।

31 अक्टूबर को उन्होंने बेलाजियो में शानदार परफॉर्मेंस दी। इस दौरान वहां मौजूद दर्शकों ने उनके गानों पर जमकर डांस किया और उनका साथ दिया। मीका ने इस अनुभव को खास बताते हुए कहा कि दीपावली के दौरान लास वेगास में परफॉर्म करना उनके लिए बेहद खुशी की बात थी।

मीका सिंह ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, ''दीपावली हम भारतीयों के लिए बेहद खास समय होता है और मुझे लास वेगास में संगीत के जरिए त्योहारों के इस मौसम का जश्न मनाकर बहुत खुशी हुई। शहर की ऊर्जा, हैलोवीन का उत्साह और दर्शकों का जोश इस अनुभव को और भी शानदार बना रहा था। लोगों को मेरे साथ गाते, डांस करते और संगीत का आनंद लेते देखना बहुत अच्छा लगा। इस वीकेंड में रिकी मार्टिन, अशर, टिएस्टो, डॉन ओमार और मेगन स्टैलियन जैसे दुनिया के बड़े म्यूजिक सितारे भी शामिल थे। ऐसे कलाकारों के साथ एक ही वीकेंड का हिस्सा बनना इसे और रोमांचक बना गया।''

उन्होंने कहा, ''इतने मशहूर मनोरंजन स्थल पर परफॉर्म करना और बॉलीवुड म्यूजिक की ऊर्जा को लास वेगास तक पहुंचाना मेरे लिए शानदार अनुभव रहा। यह सच में यादगार पल था और मुझे खुशी है कि मैं इस खास वीकेंड का हिस्सा बना।''

दरअसल, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को लास वेगास में एक खास म्यूजिक वीकेंड आयोजित किया गया था। इसमें दुनियाभर के कई बड़े कलाकारों ने हिस्सा लिया। मीका सिंह ने 31 अक्टूबर को बेलाजियो में परफॉर्म किया जबकि इस म्यूजिकल वीकेंड में डॉन ओमार, मेगन थी स्टैलियन, रिकी मार्टिन, टिएस्टो और अशर जैसे इंटरनेशनल कलाकार भी शामिल थे। अलग-अलग तरह के संगीत और कलाकारों से सजे इस आयोजन में मीका ने बॉलीवुड गानों के जरिए भारतीय संगीत का रंग जमाया।

मीका सिंह की पहचान उनके पार्टी सॉन्ग्स के लिए है। फिल्म 'जब वी मेट' का 'मौजा ही मौजा', 'देसी बॉयज' का 'सुबह होने न दे', 'किक' का 'जुम्मे की रात', 'रेडी' का 'ढिंका चिका' और 'बजरंगी भाईजान' का 'आज की पार्टी' उनके लोकप्रिय गानों में शामिल हैं। इसके अलावा फिल्म 'सिंबा' का 'आंख मारे' और उनका गाना 'सावन में लग गई आग' भी काफी पसंद किया गया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story