रीवा न्यूज: विकसित भारत युवा संसद में युवाओं ने ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर रखे विचार

डिजिटल डेस्क रीवा।युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), रीवा द्वारा प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, मॉडल साइंस कॉलेज, रीवा में विकसित भारत युवा संसद का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा रहे। कार्यक्रम में 110 युवाओं ने माय भारत पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कर सहभागिता की तथा ‘एक राष्ट्र–एक चुनाव’ विषय पर अपने विचार, तर्क एवं दृष्टिकोण प्रस्तुत किए। युवाओं ने इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपनी समझ प्रदर्शित करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचन प्रक्रिया पर विचार-विमर्श किया।
मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, कौशल, अनुशासन, नवाचार एवं सामाजिक दायित्वों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवाओं को जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय नागरिक बनना होगा। युवा संसद जैसे आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं, संसदीय परंपराओं तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम का प्रतिवेदन जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह गहरवार द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों एवं युवाओं की सहभागिता के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. आर.एन. तिवारी प्राचार्य प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस मॉडल साइंस कॉलेज, रीवा; डॉ. पंकज श्रीवास्तव पूर्व अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा विभाग रीवा; डॉ. संतोष अग्निहोत्री विभागाध्यक्ष वनस्पति विज्ञान; डॉ. मुकेश येंगल समाजसेवी एवं रिएक्ट संस्था तथा डॉ. विवेक वर्मा प्रशासनिक अधिकारी मॉडल साइंस कॉलेज, रीवा उपस्थित रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विचारों, विषय की समझ, तार्किक क्षमता एवं प्रस्तुतीकरण का मूल्यांकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान जतीन सिंह, रुचि मिश्रा, कौशिकी शुक्ला, प्रशांत तिवारी, सोनम पांडेय, शिवम शर्मा, उदय मिश्रा, उमा सोंधिया, अमन शुक्ला, अमित मिश्रा, जय प्रकाश जायसवाल, शुभम दहायत एवं राजलाल दहायत आज उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने का अवसर मिला।
Created On :  
