रीवा न्यूज: करवाचौथ पर पत्नी को पानी में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप, संजय गांधी अस्पताल में भर्ती

डिजिटल डेस्क रीवा।जिले के मनगवां थाना क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां अंकिता गुप्ता नामक महिला ने अपने पति विवेक गुप्ता पर करवाचौथ के दिन पानी में कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक 29 अक्टूबर को करवाचौथ के व्रत के दौरान पानी पिलाने के नाम पर उसे जहरीला पदार्थ दिया गया, जिसके बाद उसे जलन और चक्कर आने जैसी तकलीफ होने लगी। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया,जहां उसकी तबीयत पहले से बेहतर बताई जा रही है।
पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के समय से ही उनकी बेटी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने पति विवेक गुप्ता के साथ बेटी के सास-ससुर पर भी दहेज के लिए परेशान करने का आरोप लगाया है। पिता का कहना है कि उनकी बेटी लंबे समय से ससुराल में प्रताड़ना का सामना कर रही थी। पीड़िता के पिता के मुताबिक जब वे शिकायत लेकर मनगवां थाने पहुंचे तो उन्हें पहले बेटी का इलाज कराने और उसके बाद एफआईआर दर्ज कराने की बात कही गई। इस घटनाक्रम के बाद पुलिस की शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि महिला के आरोप गंभीर हैं। ऐसे में यह जांच का विषय है कि पानी में वास्तव में कोई जहरीला पदार्थ मिलाया गया था या नहीं, महिला की तबीयत बिगड़ने के पीछे क्या कारण था और दहेज प्रताड़ना के आरोपों में कितनी सच्चाई है।
Created On :  
