Rewa News: रोझौही न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में किया गया प्रदर्शन

रोझौही न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में किया गया प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीणों की मांगों और ज्ञापन पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा।

डिजिटल डेस्क,रीवा। रीवा जिले की ग्राम पंचायत सरई के ग्राम रोझौही में प्रस्तावित टाटा न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में आम आदमी पार्टी जिला इकाई रीवा द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया गया। जिला अध्यक्ष शहर इंजी. दीपक सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर परियोजना के विरोध में जमकर नारेबाजी की और राज्यपाल के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रीवा शहर दीपक सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर आम जनता के जीवन, स्वास्थ्य और भविष्य को दांव पर नहीं लगाया जा सकता। रोझौही में प्रस्तावित परमाणु ऊर्जा परियोजना को लेकर स्थानीय ग्रामीणों के मन में गंभीर आशंकाएँ और भय व्याप्त हैं। परमाणु संयंत्र से जुड़े संभावित रेडिएशन, रेडियोधर्मी अपशिष्ट, जल एवं पर्यावरण प्रदूषण जैसे विषयों पर जनता को स्पष्ट और वैज्ञानिक जानकारी मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि परियोजना के आसपास लगभग 30 किलोमीटर के क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीरता से विचार किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि आज जनता की आवाज को अनसुना किया गया तो आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य और पर्यावरण पर इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं। आम आदमी पार्टी किसी भी ऐसे विकास मॉडल को स्वीकार नहीं करेगी, जिसमें स्थानीय लोगों की सहमति, स्वास्थ्य और सुरक्षा को नजरअंदाज किया जाए।

कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया ने कहा कि देश के जिन क्षेत्रों में परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित हैं, वहाँ की परिस्थितियों और स्थानीय लोगों के अनुभवों का भी निष्पक्ष अध्ययन किया जाना चाहिए। किसी भी नई परियोजना को लागू करने से पहले उसके संभावित दुष्परिणामों, पर्यावरणीय प्रभावों और जनसुरक्षा के सभी पहलुओं पर गंभीरता से विचार होना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि स्थानीय ग्रामीणों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं और आशंकाओं का समाधान किया जाना चाहिए।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया कि यदि ग्रामीणों की मांगों और ज्ञापन पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर ले जाया जाएगा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र चौरसिया, ग्रामीण अध्यक्ष रवि मिश्रा, रवि पांडे, राजेश दुबे, शिवम भारद्वाज, अनूप यादव, वीरेंद्र प्यासी, विष्णुकांत विश्वकर्मा, महेश सिंह, शिवम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Created On :  

Next Story