कतर-सऊदी विदेश मंत्रियों की अहम बातचीत, क्षेत्रीय तनाव कम करने पर जोर

कतर-सऊदी विदेश मंत्रियों की अहम बातचीत, क्षेत्रीय तनाव कम करने पर जोर
कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने रविवार को सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र की ताजा स्थिति और तनाव कम करने की कोशिशों पर चर्चा की।

दोहा, 26 जुलाई (आईएएनएस)। कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान बिन जसीम अल थानी ने रविवार को सऊदी अरब के विदेश मंत्री प्रिंस फैसल बिन फरहान अल सऊद से फोन पर बात की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र की ताजा स्थिति और तनाव कम करने की कोशिशों पर चर्चा की।

कतर के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, शेख मोहम्मद ने कहा कि बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाना बहुत जरूरी है। उन्होंने अमेरिका-ईरान शांति समझौता (एमओयू) लागू करने और होर्मुज स्‍ट्रेट से जहाजों की आवाजाही बिना किसी रुकावट के जारी रखने पर भी जोर दिया, ताकि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता बनी रहे।

स‍िन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि कतर तनाव कम करने और क्षेत्र में स्थायी शांति के लिए किसी व्यापक समझौते तक पहुंचने की हर कोशिश का पूरा समर्थन करता है।

बयान में कहा गया कि दोनों विदेश मंत्रियों ने कतर और सऊदी अरब के आपसी रिश्तों की भी समीक्षा की और सहयोग को और मजबूत करने के तरीकों पर बात की।

यह बातचीत ऐसे समय में हुई है, जब हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच हवाई हमलों के जवाबी दौर के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। साथ ही, यमन के हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच लाल सागर क्षेत्र में भी नया तनाव पैदा हो गया है।

इस बीच, ईरान और ओमान ने तेहरान में कई दौर की तकनीकी बैठकें कीं। इन बैठकों में होर्मुज स्‍ट्रेट से सुरक्षित जहाजी आवाजाही की व्यवस्था पर चर्चा हुई। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने रविवार को कहा कि ये बातचीत फायदेमंद रही और आगे के लिए सकारात्मक रही।

रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए बाघेई ने बताया कि ये बैठकें शुक्रवार और शनिवार को उप विदेश मंत्रियों के स्तर पर हुई थीं। इनमें दोनों देशों ने साझा सिद्धांतों और ऐसे व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की, जिनसे इस महत्वपूर्ण समुद्री रास्ते पर जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा सके। साथ ही, दोनों तटीय देशों के संप्रभु अधिकारों का भी सम्मान किया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि ओमान का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को ईरान से लौट गया, लेकिन दोनों देश तकनीकी और राजनीतिक स्तर पर अपनी बातचीत आगे भी जारी रखेंगे।

जब उनसे होर्मुज स्‍ट्रेट में जहाजों की आवाजाही की मौजूदा स्थिति के बारे में पूछा गया, तो बाघेई ने कहा कि समुद्री यातायात की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है और जहाजों की आवाजाही पहले की तरह जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   26 July 2026 6:35 PM IST

Tags

Next Story