जयपुर-दौसा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, एक पुलिस अधिकारी की मौत; तीन घायल
जयपुर, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के जयपुर-दौसा एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) हनुमान मीणा (55) की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को दौसा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
यह हादसा सुबह करीब 5 बजे जयपुर ग्रामीण के आंधी थाना क्षेत्र में नांगल बेला गांव (चैनल नंबर 39) के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक ट्रेलर के पीछे जा टकराई, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मृतक एसआई हनुमान मीणा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग सपोटरा पुलिस थाना के पुलिसकर्मी थे, जो एक मामले से जुड़े काम के सिलसिले में मेरठ गए थे और वहां से दिल्ली होते हुए वापस अपने क्षेत्र करौली लौट रहे थे। यात्रा के दौरान ये लोग रात करीब 2 बजे दिल्ली के पास खाना खाने के लिए रुके थे, जिसके बाद दोबारा सफर शुरू किया गया।
घायल पुलिसकर्मी रमनेश मीणा ने बताया कि खाना खाने के बाद सभी लोग कार में बैठते ही सो गए थे। उन्होंने बताया कि एसआई हनुमान मीणा आगे की सीट पर चालक के पास बैठे थे, जबकि पीछे की सीट पर रमनेश मीणा, काजोद जाट और रामराज बैरवा बैठे थे। काजोद जाट और रामराज बैरवा भी उसी थाने में तैनात कांस्टेबल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार तेज गति में थी और संभवतः चालक को झपकी आ गई, जिसके चलते वाहन नियंत्रण से बाहर हो गया और आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराया। वहीं, पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं ट्रेलर ने अचानक ब्रेक तो नहीं लगाया, जिससे चालक को प्रतिक्रिया देने का समय नहीं मिला।
गौरतलब है कि हादसे में कार चालक सुरक्षित बच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 6:11 PM IST












