‘जेलर 2’ को मिला यू/ए सर्टिफिकेट, 15 अक्टूबर को दुनिया भर में होगी रिलीज
चेन्नई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की बहुप्रतीक्षित एक्शन एंटरटेनर फिल्म 'जेलर 2' को रिलीज के लिए यू/ए सर्टिफिकेट दे दिया है। फिल्म में सुपरस्टार रजनीकांत मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्माण कर रही सन पिक्चर्स ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी साझा करते हुए लिखा, "जेलर 2 को यू/ए सर्टिफिकेट मिला है।"
बता दें कि फिल्म के निर्माताओं ने हाल ही में इसका ट्रेलर जारी किया था, जिसे प्रशंसकों ने खूब पसंद किया।
रिलीज किए गए ट्रेलर की शुरुआत अभिनेता सूरज वेंजारामूडू के किरदार से होती है, जो अपने कब्जे में रखे एक व्यक्ति से पूछता है, "इन दो महीनों में तुम्हें यह तो पता चल गया होगा कि यह सब किसने किया है?"
इस पर वह व्यक्ति जवाब देता है, "सिर्फ मैं ही नहीं, आप भी उसे नहीं ढूंढ़ पाएंगे।"
इसके बाद ट्रेलर में दिखाया जाता है कि केवल सूरज वेंजारामूडू का किरदार ही नहीं, बल्कि कई खलनायक भी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि कुछ घटनाओं के पीछे कौन है।
इसी दौरान टाइगर मुथुवेल पांडियन के रूप में रजनीकांत की दमदार एंट्री होती है।
एक दृश्य में थका हुआ सूरज वेंजारामूडू अपने साथियों से पूछता नजर आता है, "क्या तुमने उसे ढूंढ़ लिया या नहीं?"
कुछ समय के लिए ऐसा लगता है कि टाइगर मुथुवेल पांडियन कहीं छिप गया है, लेकिन ट्रेलर जल्द ही यह भ्रम दूर कर देता है।
ट्रेलर से पता चलता है कि मुथुवेल पांडियन ने ड्राइवर का रूप धारण कर खुद को छिपा लिया है। वह यह जानने की कोशिश कर रहा है कि खलनायकों की कमान किसी और बड़े व्यक्ति के हाथ में तो नहीं है।
ट्रेलर में यह भी दिखाया गया है कि मुथुवेल पांडियन अपने दुश्मनों पर हमला करने के लिए स्नाइपर्स का इस्तेमाल करता है। इनमें से एक खलनायक का किरदार एसजे सूर्या निभा रहे हैं, जो कहता है कि वे भी उसी अंदाज में जवाब दे सकते हैं।
ट्रेलर में रजनीकांत और विद्या बालन के बीच एक दिलचस्प बातचीत भी दिखाई गई है।
विद्या बालन का किरदार उनसे पूछता है, "चाय लेंगे या कॉफी?" इस पर मुथुवेल पांडियन विनम्रता से मना कर देता है।
तब वह जवाब देती है, "चुनाव चाय और कॉफी के बीच है, यह नहीं कि पीना है या नहीं।"
एक अन्य दृश्य में कोई व्यक्ति टाइगर मुथुवेल पांडियन को खतरनाक 'कल्पक्स' के बारे में चेतावनी देता है और कहता है कि वह किसी को जिंदा नहीं छोड़ता।
इस पर मुथुवेल पांडियन मुस्कुराते हुए कहता है, "ओह, मुझे यह नहीं पता था। चलो देखते हैं।"
इसके बाद वह खुद कल्पक्स को चेतावनी देते हुए कहता है कि लोगों के दिलों में डर पैदा करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पुराने तरीके अब बीते समय की बात हो चुके हैं।
वह कहता है, "यह सब तुम्हारे पिता के जमाने की शैली है। अब तो सभी दुश्मनों को एक जगह इकट्ठा कर उस जगह को उड़ा देना नया ट्रेंड है।"
बता दें कि यह फिल्म 15 अक्टूबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शकों और रजनीकांत के प्रशंसकों के बीच इसे लेकर जबरदस्त उत्साह है।
इस साल अप्रैल में निर्माताओं ने घोषणा की थी कि फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। उस समय शूटिंग पूरी होने के उपलक्ष्य में आयोजित केक कटिंग समारोह की तस्वीरें भी साझा की गई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 Oct 2026 9:59 PM IST











