हनुमान जन्मोत्सव पर रिलीज हुआ 'रामायण' का टीजर, रणबीर कपूर का दिखा 'श्रीराम' अवतार
मुंबई, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी माइथोलॉजिकल फिल्म 'रामायण' का टीजर आखिरकार सामने आ गया है। हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर मेकर्स ने इस फिल्म के फर्स्ट लुक को फैंस के साथ साझा किया, जिससे दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। इस फिल्म में बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं और उनका लुक जारी किया गया है।
टीजर में रणबीर कपूर का श्रीराम के अवतार में लुक काफी प्रभावशाली है। उनके चेहरे के हाव-भाव, गेटअप और पोशाक की बारीकियों ने राम के चरित्र को जीवंत कर दिया है। टीजर में यश रावण के रूप में और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आते हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में दिखाई देती हैं। हालांकि फिल्म का फोकस पूरी तरह से श्रीराम पर था लेकिन बाकी किरदारों की झलक भी कहानी का रोमांच बढ़ाती है।
रणबीर कपूर ने इस फर्स्ट लुक को साझा करते हुए कहा कि राम के किरदार को निभाना उनके लिए विनम्र अनुभव रहा है। उन्होंने कहा, ''मैं नहीं सोचता कि मैं राम का प्रतिनिधित्व करने आया हूं। मैं उनसे सीखने आया हूं। राम में जो सादगी और पवित्रता है, वह बहुत दुर्लभ है। इसे समझना और अपनाना मेरे लिए विनम्र अनुभव रहा।' '
रणबीर ने कहा कि राम की यह यात्रा केवल शक्ति या विजय की कहानी नहीं है, बल्कि एक इंसान के रूप में उसके विकल्पों, कर्तव्य और नैतिकता की कहानी है।
निर्देशक नितेश तिवारी ने भी टीजर के रिलीज पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "रामायण की महानता इसकी भावनाओं और मानवीयता में है। यह कहानी केवल अच्छाई और बुराई की नहीं है, बल्कि सही और गलत के बीच विकल्प लेने और उसके परिणामों का सामना करने की है। राम का सफर मानवीय है, और हमने यही दिखाने की कोशिश की है।"
उन्होंने कहा, ''राम का किरदार दर्शकों को एक ऐसे हीरो की याद दिलाता है, जो हमेशा कर्तव्य को अपनी इच्छाओं और स्वार्थ से ऊपर रखता है।''
फिल्म में राम के किरदार के साथ-साथ अन्य प्रमुख कलाकार भी दिखाई देंगे। इसमें साई पल्लवी, यश, रवि दुबे, सनी देओल, लारा दत्ता और अमिताभ बच्चन जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
फिल्म के म्यूजिक में भी दो बड़े संगीतकारों, हंस जिमर और ए.आर. रहमान का योगदान है। इसके अलावा, हॉलीवुड के प्रमुख स्टंट डायरेक्टर्स टेरी नॉटरी और गाइ नॉरिस ने फिल्म में भगवान और राक्षसों के बीच होने वाले युद्ध के लिए कोरियोग्राफी की है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 11:48 AM IST












