रूसी नौसेना के प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिणी नौसेना कमान और भारतीय नौसेना अकादमी का दौरा किया
नई दिल्ली, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और रूस के बीच नौसैनिक साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में रूसी नौसेना के छह सदस्यों वाले एक प्रतिनिधिमंडल ने केरल में दक्षिणी नौसेना कमान और भारतीय नौसेना अकादमी का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कैप्टन फर्स्ट रैंक सर्गेई वी. सैतोव ने किया।
भारतीय नौसेना ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने 27 सितंबर से एक अक्टूबर तक अपनी यात्रा के दौरान भारतीय नौसेना के ट्रेनिंग सिस्टम, बुनियादी ढांचे और अलग-अलग फैसिलिटी के बारे में जानकारी ली।
भारतीय नौसेना ने 'एक्स' पोस्ट पर लिखा, "बातचीत के दौरान समुद्री सहयोग को और बढ़ाने, दोनों नौसेनाओं के साथ मिलकर काम करने की क्षमता बेहतर करने और संस्थागत तथा प्रोफेशनल रिश्तों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा हुई। यह भारत और रूस के बीच लंबे समय से चली आ रही नौसैनिक साझेदारी को दिखाता है।"
रूसी नौसेना के प्रतिनिधिमंडल का यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब भारत और रूस अपने पुराने रक्षा और रणनीतिक रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव के बीच बैठक हुई थी। रूस के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान दोनों देशों ने अपनी 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त' रणनीतिक साझेदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बैठक के बाद रूस के विदेश मंत्रालय ने 'एक्स' पर कहा, "दोनों पक्षों ने रूस-भारत की विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और संयुक्त राष्ट्र, जी20 तथा ब्रिक्स में करीबी तालमेल बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।"
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी 'एक्स' पर बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने कई मौजूदा मुद्दों पर विचार साझा किए। इसके साथ ही दोनों देशों के आपसी संबंधों और ब्रिक्स में सहयोग की भी समीक्षा की गई।
पिछले महीने भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने भी रूस की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पूरी की थी। इस दौरान उन्होंने रूस के वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ बैठक की और कई अहम सैन्य संस्थानों का दौरा किया। इस यात्रा से दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और आगे बढ़ाने में मदद मिली। आठ साल में किसी भारतीय सेना प्रमुख की यह पहली रूस यात्रा थी।
भारतीय सेना के एडिशनल डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ पब्लिक इंफॉर्मेशन (एडीजीपीआई) के मुताबिक, अपनी यात्रा के दौरान जनरल धीरज सेठ ने रूस के उप रक्षा मंत्री जनरल यूनुस-बेक येवकुरोव और रूसी थल सेना के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल आंद्रे मोर्दविचेव से मुलाकात की।
इन बैठकों में दोनों देशों की सेनाओं की क्षमताओं को मिलकर बढ़ाने, ट्रेनिंग एक्सचेंज, ऑपरेशनल अनुभव साझा करने और दोनों सेनाओं के बीच सहयोग का दायरा बढ़ाने पर चर्चा हुई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 Oct 2026 2:25 PM IST












