- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- छिंदवाड़ा
- /
- युवक का अपहरण, नागपुर में बंधक...
छिंदवाड़ा न्यूज: युवक का अपहरण, नागपुर में बंधक बनाकर की मारपीट, एक लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर किए

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।शहर के बस स्टैंड से एक युवक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आरोपियों ने युवक का अपहरण कर उसे नागपुर के एक कमरे में कैद किया था। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान आरोपियों ने पीड़ित से मारपीट कर उसके मोबाइल से एक लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर िलए। आरोपियों के चंगुल से निकलकर पीड़ित थाने पहुंचा था। पुलिस अपराध दर्ज कर आराेपियों की कर रही है।
मोहखेड़ के मुरमारी निवासी पवन चंद्रवंशी ने शिकायत दर्ज कराई है कि 26 सितम्बर को बाइक से वह गणेश विसर्जन देखने आया था। रात लगभग 11 बजकर 45 मिनट पर बस स्टैंड पर एक युवक ने उससे खजरी चौक तक लिफ्ट मांगी थी। युवक की मदद के उद्देश्य से वह खजरी चौक उसे छोड़ने चला गया था। यहां बदमाश के दो साथी और आ गए और उन्होंने मारपीट कर मुंह पर कपड़ा ढंककर उसका अपहरण कर लिया था। आरोपियों ने उसे घायल कर फोन पे का पासवर्ड ले लिया था। दूसरे दिन सुबह बड़ा तालाब से लगे मैदान से एक ऑटो में बैठाकर आरोपी उसे रामाकोना तक ले गए थे। यहां से उसे कार में बैठाकर नागपुर ले गए। नागपुर में एक कमरे मंे बंद कर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद उन्होंने बाइक में बैठाकर एक खाली प्लाट पर ले गए और परिजनों से रुपए मंगवाने के लिए दबाव बना रहे थे। तभी कुछ लोगों के आने पर आरोपी भाग निकले थे। लोगों की मदद से पवन वापस छिंदवाड़ा पहुंचा। बंधक के दौरान आरोपियों ने पवन के खाते से 1 लाख 5 हजार 501 रुपए ट्रांसफर कर लिए थे। पवन की बाइक बड़ा तालाब के पास खड़ी मिली है।
इन धाराओं में दर्ज किया मामला-
इस पूरे अपहरण कांड के दौरान अन्य आरोपी एक युवक काे अम्मू कहकर बुला रहे थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अम्मू समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 115(2), 127(7), 140(3), 351(2), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66, 66(सी) के तहत मामला कायम किया है। पुलिस टीम कुछ संदेहियों को राउंडअप कर पूछताछ कर रही है।
Created On :   3 Oct 2026 3:18 PM IST












