Chhindwara news: शुक्र और ध्रुव तारे की रोशनी से जगमगाया पर्यटन ग्राम धूसावानी : एस्ट्रो विलेज का शुभारंभ

शुक्र और ध्रुव तारे की रोशनी से जगमगाया पर्यटन ग्राम धूसावानी : एस्ट्रो विलेज का शुभारंभ
जिले का पहला एस्ट्रो विलेज धूसावानी, जहां नजदीक से देख सकेंगे चांद-सितारे और ग्रह

डिजिटल न्यूज़ छिंदवाड़ा

चांदनी रात में चमकते शुक्र ग्रह, धु्रव तारे और विशाल आकाशगंगा को देखने का अविस्मरणीय अनुभव अब छिंदवाड़ा जिले के पर्यटन ग्राम धूसावानी में सुलभ हो गया है। कलेक्टर हरेंद्र नारायन और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार की उपिस्थिति में यहां पर स्टार गेजिंग का शुभारंभ किया गया। यहां पर अधिकारियों, ग्रामीणों ने चांद और सितारों से सजे आसमान में विभिन्न ग्रहों को देखा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा जनजातीय पर्यटन परियोजना के अंतर्गत चयनित पर्यटन ग्राम धूसावानी की नई पहचान अब एस्ट्रो विलेज के रूप में होगी। एस्ट्रो विलेज पर्यटन विज्ञान और प्रकृति का अनूठा संगम है जहां पर्यटक तेज प्रकाश, प्रदूषण से दूर स्वच्छ रात्रि आकाश में तारों, ग्रहों और आकाशगंगा के अद्भुत नजारे का अवलोकन एवं अनुभव प्राप्त कर सकेंगे। स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी निशांत गौर ने इस पूरी परियोजना की जानकारी अतिथियों व ग्रामीणों को दी। इस अवसर पर मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड की प्रोग्राम ऑफिसर ट्राइबल श्रीमती सरिता टुप्पो, प्रोग्राम मैनेजर एस्ट्रो प्रदीप दीक्षित, स्टार गेजिंग इंडिया के एमडी निशांत गौर, पर्यटन प्रबंधक गिरीश लालवानी, तहसीलदार संजय मसराम, अजय खोबरे सहित नागरिक उपिस्थत थे।

25 युवाओं को ट्रेनिंग, मिलेगा रोजगार

पर्यटन ग्राम धूसावानी और धगडिय़ा के 25 युवक व युवतियों का चयन स्टार गेजिंग एक्टिविटी के लिए हुआ है। इन युवाओं को 90 दिनों की ट्रेनिंग दी जा रही ह जिसमें उन्हें रात्रिकालीन आकाश, तारामंडलों और खगोलीय घटनाओं का ज्ञान व प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के बाद ये युवा कुशल एस्ट्रो गाइड के रूप में तैयार होंगे, जिससे उनके लिए स्थानीय स्तर पर ही रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

आधुनिक उपकरणों और अधोसंरचना का होगा विकास

पर्यटन ग्राम धूसावानी में पर्यटकों को तारों, ग्रहों एवं अन्य खगोलीय पिंडों के स्पष्ट एवं उत्कृष्ट अवलोकन का अनुभव कराने के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वैज्ञानिक उपकरण के साथ गांवों में आधुनिक टेलिस्कोप, दूरबीन और एस्ट्रो.फोटोग्राफी कैमरे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पर्यटकों के लिए स्टार गेजिंग प्लेटफार्म ऑब्जर्वेशन एरिया तथा खगोलीय घटनाओं को समझाने के लिए इंटरप्रिटेशन सेंटर का निर्माण किया जाएगा।

Created On :   3 Oct 2026 12:39 PM IST

Tags

Next Story