छिंदवाड़ा न्यूज: खुलासा...पति से अवैधों के चलते देवरानी ने जेठानी को मौत के घाट उतारा

खुलासा...पति से अवैधों के चलते देवरानी ने जेठानी को मौत के घाट उतारा
देवरानी ने हत्या कर भतीजी और नौकर के साथ मिलकर फंदे पर लटका दिया था शव

डिजिटल डेस्क छिंदवाड़ा।तामिया थाना क्षेत्र में बीते दिनों 43 साल की एक महिला का शव फंदे पर लटका मिला था। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की देवरानी ने लोहे के पाइप से हमला कर महिला की हत्या की थी। साक्ष्य मिटाने देवरानी ने भतीजी (मृतका की बेटी) और नौकर के साथ मिलकर शव को फंदे पर लटका दिया था। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

बताया जा रहा है कि (परिवर्तित नाम) अनिता के पति की वर्ष 2014 में मौत हो चुकी थी। इसके बाद अनिता के अपने देवर से अवैध संबंध बन गए थे। इससे देवरानी और अनिता की बेटियां भी काफी नाराज थी। इस बात पर अक्सर विवाद भी हाेते थे। 23 सितंबर की रात इसी बात पर देवर और देवरानी के बीच विवाद हुआ था। देवर ने अपनी पत्नी (देवरानी) को घर से बाहर निकाल दिया था। इससे गुस्साई देवरानी ने अपने नौकर को फोन कर बुलाया और जेठानी अनिता के घर पहुंच गई थी। रात लगभग 3 बजे लोहे के पाइप से हमला कर उसने जेठानी की हत्या कर दी थी। हत्या के साक्ष्य मिटाने में नौकर और मृतका की बेटी ने भी सहयोग किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1), 238(ख), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है।

हत्या को आत्महत्या बताने फंदे पर लटकाया-

हत्या के बाद देवरानी ने मृतका की बेटी व नौकर के साथ मिलकर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की। उन्होंने साड़ी का फंदा बांधकर महिला का शव लटका दिया था। इसके बाद आरोपियों ने घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद कर दिए। तीनों किराना दुकान की शटर खोलकर बाहर निकल गए, ताकि मामला आत्महत्या का लगे।


Created On :   2 Oct 2026 3:59 PM IST

Tags

Next Story