अहमदाबाद एयरपोर्ट पर बड़ी कार्रवाई, ट्रॉली बैग की पट्टियों में पेंच से कसा 282 ग्राम सोना जब्त
अहमदाबाद, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर कस्टम अधिकारियों ने अबू धाबी से आए एक यात्री के तीन ट्रॉली बैगों से 282.910 ग्राम 24 कैरेट सोना जब्त किया। यह सोना बैगों में लगी धातु की पट्टियों के अंदर छिपाकर रखे गए सोने के छह तारों के रूप में मिला, जिसकी कीमत 42.49 लाख रुपए है।
विभाग के अनुसार, अहमदाबाद कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू) ने 15 अक्टूबर को एक खास खुफिया जानकारी के आधार पर यह कार्रवाई की।
यात्री के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को तीनों ट्रॉली बैग में पेंच से कसी हुई धातु की पट्टियां मिलीं। बारीकी से जांच करने पर इन पट्टियों के अंदर छिपाया गया सामान मिला।
जब धातु की पट्टियों को हटाया गया, तो अधिकारियों को हर पट्टी से सफेद रोडियम की परत चढ़े सोने के दो तार मिले। इस तरह कुल छह तार बरामद हुए।
बरामद सोना 24 कैरेट शुद्धता का था और इसका वजन 282.910 ग्राम था। इसकी कुल बाजार कीमत 42,49,308 रुपए आंकी गई है। इस सोने को कस्टम्स एक्ट, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया है।
मामले की आगे जांच चल रही है। यह जब्ती ऐसे समय में हुई है जब सामान में गुप्त खाने बनाकर या अन्य तरीकों से अहमदाबाद में सोना लाने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं।
अगस्त में कस्टम्स अधिकारियों ने दुबई से आ रहे एक यात्री के पास से 350 ग्राम से ज्यादा सोना जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग 36.59 लाख रुपए थी।
यह सोना एक ट्रॉली बैग में छिपाकर रखा गया था और एक खास खुफिया जानकारी के आधार पर की गई जांच के दौरान बरामद हुआ।
अगस्त के ही एक अन्य मामले में एयर इंटेलिजेंस यूनिट (एआईयू)ने अबू धाबी, शारजाह और कुवैत से आ रहे यात्रियों से जुड़े तीन अलग-अलग मामलों में लगभग 299.5 ग्राम सोने के आभूषण जब्त किए, जिनकी कीमत 49.23 लाख रुपए थी।
इनमें यात्रियों द्वारा छिपाकर रखी गई सोने की चेन और चूड़ियां शामिल थीं। जून में, कस्टम्स अधिकारियों ने दुबई से आ रहे एक विमान से 24 कैरेट का 2,799.3 ग्राम सोना भी जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग 4.27 करोड़ रुपए थी।
सोने के बिस्कुट विमान के सामने वाले शौचालय में एक स्पीकर बॉक्स के अंदर छिपाकर रखे गए थे। इस तलाशी अभियान में विमान के इंजीनियरों ने भी मदद की थी।
जांच से यह पता चलने की उम्मीद है कि इस ताजा जब्ती के पीछे क्या परिस्थितियां थीं और क्या इसमें कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Oct 2026 11:33 PM IST












