सीरिया में फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों के काफिले से 10 किमी दूर हुए धमाके, 18 लोग हुए घायल
दमिश्क, 8 जुलाई (आईएएनएस)। सीरिया में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की यात्रा के दौरान मध्य दमिश्क में हुए दो धमाकों में 18 लोग घायल हो गए, जिनमें चार पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। सीरियाई गृह मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इन घटनाओं से राष्ट्रपति की यात्रा या उनके आवास को कोई खतरा नहीं था।
सरकारी समाचार एजेंसी सना के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने फील्ड ऑपरेशन के दौरान दो आईईडी का पता लगाया था। उन्हें निष्क्रिय करने के समय विस्फोट हो गया।
वहीं, समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चला है कि एक विस्फोटक उपकरण खड़ी गाड़ी के अंदर रखा गया था और दूसरा पर्यटन अधिकारियों के कार्यालय वाली इमारत के पास सड़क किनारे रखे कचरे के डिब्बे में रखा गया था।
सीरिया के गृह मामलों के प्रमुख अनस खत्ताब ने बताया कि पहला धमाका स्थानीय समयानुसार सुबह 10:15 बजे हुआ और उसके करीब आठ मिनट बाद दूसरा धमाका हुआ। अनस खत्ताब ने आगे कहा कि घायलों में अधिकतर सुरक्षाकर्मी हैं। अधिकतर लोगों को मामूली चोटें आई थीं, लेकिन चार लोगों की सर्जरी हो रही थी। उन्होंने बताया कि उस समय मैक्रों का काफिला धमाके वाली जगह से लगभग 10 किलोमीटर दूर था।
अधिकारियों ने बताया कि धमाके मैक्रों के आवास के लिए तय सुरक्षा घेरे के बाहर हुए और इनसे उनके दौरे को कोई सीधा खतरा नहीं था। दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहा।
उन्होंने बताया कि धमाकों के बाद विशेष सुरक्षा इकाइयों ने आसपास के इलाके की तलाशी ली, लेकिन कोई अन्य विस्फोटक नहीं मिला। सुरक्षा बलों ने कुछ सड़कों को बंद कर दिया और धमाके में इस्तेमाल किए गए वाहन से जुड़े सुरागों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
धमाकों के कुछ ही समय बाद सीरियाई सरकारी मीडिया ने बताया कि सीरिया के अंतरिम नेता अहमद अल-शरा ने द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर बातचीत के लिए दमिश्क के 'पीपल्स पैलेस' में मैक्रों का स्वागत किया।
यह 2009 के बाद किसी फ्रांसीसी राष्ट्रपति की पहली सीरिया यात्रा है। इमैनुएल मैक्रों ने सीरियाई-फ्रांसीसी बिजनेस फोरम में हिस्सा लिया, जिसमें दोनों देशों ने बंदरगाह, विमानन, ऊर्जा, जल, स्वास्थ्य, डिजिटल अवसंरचना और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त आर्थिक समितियों के गठन व कई समझौता ज्ञापनों और निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
मैक्रों ने कहा कि फ्रांस सीरिया के पुनर्निर्माण और बैंकिंग सुधारों में मदद करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सीरियाई शरणार्थियों की अपनी मर्जी से वापसी के लिए हालात बनाना और सीरिया की आर्थिक रिकवरी को आगे बढ़ाना सहयोग की प्राथमिकताओं में शामिल है।
गौरतलब है कि एक सप्ताह से भी कम समय पहले दमिश्क में एक कैफे में बम धमाका हुआ। इसमें कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 अन्य घायल हुए थे। वहीं, मई में रक्षा मंत्रालय के बाहर कार बम विस्फोट में एक सैनिक की मौत और कम से कम 18 लोग घायल हुए थे। फिलहाल, ताजा धमाकों के बाद सीरिया की राजधानी में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 8:55 AM IST












