जयराम रमेश का केंद्र पर आरोप, कहा-लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश

नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने शुक्रवार को केंद्र सरकार लोकसभा में 'फर्जी दो-तिहाई बहुमत' बनाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार का यह कदम भारत के संविधान पर हमले के समान है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री को आगे बढ़ाने में नाकाम रहने के बाद मोदी सरकार अब लोकसभा में धोखाधड़ी से दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि यह भारत के संविधान पर हमला है। इसका पूरी ताकत से विरोध किया जाना चाहिए और किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का रुख इस मामले में हमेशा स्पष्ट और एक जैसा रहा है।
इस मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखते हुए रमेश ने तीन मुख्य मांगें दोहराईं। इनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या को अगले 25 वर्षों तक बनाए रखना और इसी अवधि के लिए संसदीय सीटों का वर्तमान राज्यवार बंटवारा बरकरार रखना शामिल है।
पार्टी ने यह भी मांग की है कि 2029 के लोकसभा चुनावों से महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू किया जाए। इसमें अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की महिलाओं के लिए उनके कोटे के भीतर आरक्षण भी शामिल होना चाहिए।
रमेश की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार महिला आरक्षण लागू करने के साथ-साथ लोकसभा का विस्तार करने के लिए परिसीमन (डिलिमिटेशन) से जुड़ी योजना को फिर से पेश करने की कोशिश कर सकती है।
इस बीच, केंद्र सरकार ने गुरुवार को घोषणा की कि संसद की बैठक 30 नवंबर को फिर से बुलाई जाएगी ताकि जरूरी सरकारी कामकाज निपटाए जा सकें। इसके साथ ही, अगली बैठक की तारीखों को लेकर कई दिनों से बनी अनिश्चितता खत्म हो गई है।
यह घोषणा 13 अगस्त को मानसून सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के 105 दिन बाद आई है। 30 नवंबर की बैठक एक ही सत्र के दौरान संसद की दो बैठकों के बीच का सबसे लंबा अंतराल होगी। ये आगामी बैठकें कोई अलग 'शीतकालीन सत्र' नहीं होंगी बल्कि मानसून सत्र का ही विस्तार होंगी, जिसे अभी तक आधिकारिक तौर पर समाप्त नहीं किया गया है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से 30 नवंबर को निचला सदन और राज्यसभा के सभापति से 2 दिसंबर को उच्च सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर को समाप्त हो सकती हैं।
वहीं, डीएमके ने अपना रुख स्पष्ट किया है कि अगर तमिलनाडु की मौजूदा संसदीय हिस्सेदारी सुरक्षित रहती है, तो वह प्रस्तावित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने पर विचार कर सकती है। भले ही लोकसभा सीटों की कुल संख्या में कितनी भी बढ़ोतरी क्यों न हो जाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
