वूपी गोल्डबर्ग को याद आए सर पैट्रिक स्टीवर्ट, बताया- 'बेहतरीन अभिनेता और अच्छा इंसान'

मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री और कॉमेडियन वूपी गोल्डबर्ग ने दिवंगत अभिनेता सर पैट्रिक स्टीवर्ट को श्रद्धांजलि दी है। अभिनेत्री ने उन्हें 'एक बेहतरीन अभिनेता और एक बहुत अच्छा इंसान' बताया।
उन्होंने 1988 से 1993 तक ‘स्टार ट्रेक: द नेक्स्ट जनरेशन’ में दिवंगत अभिनेता के साथ काम किया था। पिछले हफ्ते 86 वर्ष की उम्र में अल्जाइमर और डिमेंशिया जैसी बीमारियों से कुछ समय तक जूझने के बाद उनके दोस्त का निधन हो गया, जिसके बाद उन्होंने उन्हें याद किया।
हाल ही में वह चैट शो ‘द व्यू’ के एक एपिसोड में शामिल हुईं, जहां उन्होंने कहा, "शुक्रवार को हमने एक बेहतरीन अभिनेता और एक बहुत अच्छा इंसान खो दिया। उनका निधन हो गया। हम एक-दूसरे को बहुत लंबे समय से जानते थे और मैं उन्हें बहुत पसंद करती थी।"
उन्होंने आगे कहा, "वे हर तरह का अभिनय कर सकते थे। चाहे वह ड्रामा हो, साइंस फिक्शन हो, कॉमेडी हो या फिर शेक्सपियर के नाटक। वे सब कुछ कर सकते थे। हम उनके हुनर, उनकी दोस्ती, उनकी दयालुता और उनके मजाकिया अंदाज को बहुत याद करेंगे। सच कहूं तो, उनकी जगह कोई नहीं ले सकता।"
उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा, "उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है। ‘स्टार ट्रेक’ मेरे जीवन की सबसे शानदार घटनाओं में से एक है और यह आज भी सबसे बेहतरीन अनुभवों में गिना जाता है। मैं उन्हें बहुत याद करुंगी, लेकिन अब वे वहां कई महान लोगों के साथ हैं, तो मुझे यकीन है कि वे वहां भी खूब मजे कर रहे होंगे।"
उनके निधन की खबर आने के बाद, वूपी ने अपने इंस्टाग्राम पर अपनी और सर पैट्रिक की खिलौने वाली आकृतियों की एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "अगले होलोडेक पर मिलते हैं। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।"
बता दें कि सर पैट्रिक स्टीवर्ट का निधन 28 अक्टूबर को हुआ और अगले दिन उनके पब्लिसिस्ट ने उनके गुजर जाने की पुष्टि की। 2022 में वूपी और इस दिग्गज अभिनेता का फिर से आमना-सामना हुआ, जब वूपी ने ‘स्टार ट्रेक’ की सीक्वल सीरीज ‘पिकार्ड’ के दो एपिसोड में अपने पुराने किरदार 'गुइनन' को फिर से निभाया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
