हम किसी भी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं हर्ष संघवी

हम किसी भी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं  हर्ष संघवी
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष को बुधवार सुबह परिसर में बम होने की जानकारी दी गई। यह जानकारी ईमेल के जरिए दी गई। इस पर एक्शन लेते हुए अब शीर्ष अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांधीनगर, 18 मार्च (आईएएनएस)। गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष को बुधवार सुबह परिसर में बम होने की जानकारी दी गई। यह जानकारी ईमेल के जरिए दी गई। इस पर एक्शन लेते हुए अब शीर्ष अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इससे पहले भी इस तरह के धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं, जिसके बाद शीर्ष अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी थी और अब विधानसभा अध्यक्ष को इसी तरह का पत्र भेजा गया है, जिससे कई तरह के सवाल उठते हैं। लेकिन, पूरे मामले की जांच जारी है। जल्द ही पूरी वस्तुस्थिति का पता लगा लिया जाएगा। हम इस तरह की धमकियों से किसी भी कीमत पर डरने वाले नहीं हैं। अगर किसी को लगता है कि हम इस तरह की धमकियों से डरते हैं, तो यह उसकी गलतफहमी है।

उनके मुताबिक, इससे पहले भी धमकी भरे पत्र मिल चुके हैं। इसके बाद शीर्ष अधिकारियों ने पूरे मामले की जांच तेज करते हुए सिम कार्ड बेचने वाले कई लोगों को गिरफ्तार किया था। कई लोगों के तार विदेश से भी जुड़े बताए गए थे, जिनकी जांच पुलिस प्रशासन की तरफ से की जा रही है। ऐसे लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। हमारी कोशिश है कि ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाए।

डिप्टी सीएम हर्ष संघवी ने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित करके इनकी डिटेल को केंद्र सरकार को भेजा जा रहा है। साथ ही, इस पूरे मामले को लेकर अब हम बांग्लादेश सरकार से भी संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं। आज जब विधानसभा अध्यक्ष को लेटर मिला, तब मैं मौके पर ही मौजूद था। मुख्यमंत्री सहित अन्य मंत्री भी मौजूद थे। हमें गुजरात पुलिस पर पूरा भरोसा है। इस मामले में संलिप्त सभी लोगों को चिन्हित करके कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लेकिन, हमें इस बात का ध्यान रखना होगा कि जब कभी इस तरह के मामले प्रकाश में आए, तो हमें एसओपी का पालन करना चाहिए। आज इसी एसओपी के तहत हमारी पुलिस पूरी कार्रवाई को अंजाम दे रही है।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों को भी लगता है कि इस तरह के ईमेल से गुजरात की जनता में भय का माहौल पैदा होगा, तो मैं साफ कर देना चाहता हूं कि हम लोग बिल्कुल भी डरने वाले नहीं हैं। हम लोग इस तरह के मामलों से पूरी तरह से निपटने को तैयार हैं। किसी को भी किसी भी प्रकार की गलतफहमी नहीं पालनी चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   18 March 2026 3:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story