महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में छठी कक्षा की छात्रा पर एसिड अटैक, आरोपी फरार
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। संगमनेर तहसील के वडगांव पान गांव में छठी कक्षा की एक 13 वर्षीय छात्रा स्कूल से साइकिल पर घर लौट रही थी। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास रास्ते में एक अज्ञात युवक ने अचानक उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। हमले से बच्ची का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गईं।
गंभीर हालत में उसे तुरंत प्रवरानगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हमलावर मौके से फरार हो गया और अभी तक पुलिस उसे पकड़ नहीं पाई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। स्थानीय लोग और छात्राएं आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं। यह वारदात राज्य में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने इस मामले को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय और दिल दहला देने वाला बताया। वडेट्टीवार ने सरकार से सवाल किया कि राज्य में पुलिस का डर खत्म हो गया है क्या? इतनी बड़ी घटना के बावजूद आरोपी कैसे फरार घूम रहा है? उन्होंने पुलिस प्रशासन और गृह विभाग की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि जब कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले खुद भ्रष्टाचार में लिप्त होते हैं, तो अपराधी और बेखौफ हो जाते हैं। उन्होंने राज्य में महिलाओं और युवतियों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार को मूकदर्शक बताते हुए तत्काल चर्चा की मांग की।
वहीं, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार को निर्देश दिया कि वह इस घटना पर तुरंत संज्ञान ले और सदन में विस्तृत बयान पेश करे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 4:40 PM IST












