लेबनान पर इजरायली हमले में टीवी चैनल के निदेशक की मौत
बेरूत, 18 मार्च (आईएएनएस)। लेबनान की राजधानी बेरूत में इजराइली हवाई हमले में हिजबुल्लाह से जुड़े टीवी चैनल अल-मनार के एक बड़े अधिकारी की मौत हो गई। अल-मनार टीवी ने बताया कि चैनल के राजनीतिक कार्यक्रमों के डायरेक्टर मोहम्मद शारी और उनकी पत्नी इस हमले में मारे गए।
यह हमला बेरूत के जुकाक अल-ब्लात इलाके में किया गया। चैनल ने बताया कि हमले में मोहम्मद शारी के बच्चे और पोते-पोतियां भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लेबनान ने कहा कि इजरायल ने बुधवार तड़के बिना किसी चेतावनी के मध्य बेरूत पर हमला किया, जिसमें करीब बारह लोग मारे गए; वहीं इजरायली सेना ने घोषणा की कि वह देश के दक्षिणी हिस्से को निशाना बना रही है।
लेबनान की आधिकारिक नेशनल न्यूज एजेंसी (एनएनए) ने बताया कि तड़के हुए दो हमलों में मध्य जोकाक अल-ब्लात इलाके में स्थित एक अपार्टमेंट को निशाना बनाया गया। यह इलाका काफी घनी आबादी वाला है और सरकारी मुख्यालय और कई दूतावासों के बेहद करीब है।
एजेंसी ने बताया कि यह हमला उस जगह के पास हुआ, जहां पिछले हफ्ते इजरायली सेना ने हिज्बुल्लाह से जुड़ी वित्तीय संस्था 'अल-कर्ज अल-हसन' की बेरूत स्थित एक शाखा पर हमला किया था।
हिज्बुल्लाह के टीवी चैनल 'अल-मनार' ने बताया कि इस हमले में उसके राजनीतिक कार्यक्रमों के निदेशक और उनकी पत्नी की मौत हो गई। एक बयान जारी करते हुए चैनल ने कहा कि बेरूत के जोकाक अल-ब्लात इलाके में हुए इस हमले में "चैनल के राजनीतिक कार्यक्रमों के निदेशक मोहम्मद शेरी और उनकी पत्नी" मारे गए।
उनके बच्चे और पोते-पोतियां घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पिछले हफ्ते हुए हमले से पहले इजरायली सेना ने लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी जारी की थी, लेकिन इस बार हुए हमले से पहले ऐसी कोई चेतावनी नहीं दी गई।
एनएनए ने बताया कि दो अन्य हमलों में मध्य बास्ता इलाके में स्थित दो अपार्टमेंट्स को निशाना बनाया गया। यह भी एक घनी आबादी वाला इलाका है, जिस पर इजरायल ने 2024 में हिज्बुल्लाह के साथ हुए युद्ध के दौरान भी हमला किया था।
लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इन दोनों हमलों में कुल बारह लोगों की मौत हुई है, जबकि 41 लोग घायल हुए हैं। मंत्रालय ने आगे कहा कि घटनास्थल से मिले मानव अवशेषों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच की आवश्यकता होगी।
इजरायली सेना की ओर से साझा किए गए एक नक्शे से पता चला कि जिस इमारत को इस बार निशाना बनाया गया, उस पर पिछले हफ्ते भी हमला किया गया था। उस समय भी लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी गई थी, जिसके कारण इमारत को नुकसान तो पहुंचा था, लेकिन वह पूरी तरह से नष्ट नहीं हुई थी।
चौथी बार निशाना बनाई गई यह अपार्टमेंट इमारत इस बार पूरी तरह से ढह गई। इजरायली सेना ने दावा किया कि हिज्बुल्लाह इस इमारत का इस्तेमाल "अपनी गतिविधियों को वित्तपोषित करने के लिए लाखों डॉलर" जमा करने के वास्ते कर रहा था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 5:54 PM IST












