बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान ने मेडिकल इमरजेंसी के चलते लखनऊ में की लैंडिंग

बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान ने मेडिकल इमरजेंसी के चलते लखनऊ में की लैंडिंग
बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान को मेडिकल इमरजेंसी के चलते शनिवार देर रात लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया और वहां विमान की लैंडिंग हुई। यह जानकारी सूत्रों की ओर से दी गई।

नई दिल्ली, 20 सितंबर (आईएएनएस)। बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान को मेडिकल इमरजेंसी के चलते शनिवार देर रात लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया और वहां विमान की लैंडिंग हुई। यह जानकारी सूत्रों की ओर से दी गई।

एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों ने बताया कि बैंकॉक से दिल्ली की उड़ान के दौरान एक यात्री की स्वास्थ्य स्थिति अचानक गंभीर हो गई थी, जिसे देखते हुए पायलट ने लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला लिया।

सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की उड़ान 6ई1054, बैंकॉक से दिल्ली जा रही थी, जिसे एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के कारण लखनऊ डायवर्ट किया गया। यात्री को सीने में तेज दर्द और सांस लेने में परेशानी की शिकायत थी।

उड़ान ने लखनऊ एयरपोर्ट पर रात 10:52 बजे सुरक्षित लैंडिंग की। यात्री की सहायता के लिए एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और एम्बुलेंस को तत्काल तैनात किया गया। मेडिकल टीम ने विमान में पहुंचकर यात्री की जांच की और यात्री की स्थिति स्थिर पाई गई।

यात्री को विमान से उतारकर आवश्यक इमिग्रेशन एवं अन्य औपचारिकताओं के लिए टर्मिनल-3 ले जाया गया। आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विमान ने रात 12:05 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

इससे पहले 10 सितंबर को लखनऊ से सऊदी अरब के दम्मम जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट की अहमदाबाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। फ्लाइट में बम होने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की तलाशी की।

इंडिगो की फ्लाइट 6ई097 शाम करीब 5:45 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट (एसवीपीआईए) पर उतरी। यह फैसला तब लिया गया जब क्रू मेंबर को प्लेन में एक कागज का टुकड़ा मिला जिस पर 'बम' लिखा था।

एयरपोर्ट अधिकारियों के पास मौजूद जानकारी के अनुसार, प्लेन में यात्रियों और क्रू समेत कुल 133 लोग सवार थे। हालांकि, जांच में प्लेन में कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Sept 2026 2:58 PM IST

Tags

Next Story