आईपीएल 2026 डीसी के खिलाफ जीटी को होगी पहली जीत की तलाश, जानें हेड टू हेड रिकॉर्ड?

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 14वें मुकाबले में बुधवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की भिड़ंत गुजरात टाइटंस (जीटी) के साथ होगी। दिल्ली ने अब तक खेले दोनों ही मुकाबलों में जीत दर्ज की है। वहीं, गुजरात टाइटंस को इस मुकाबले में सीजन की पहली जीत की तलाश होगी।
आईपीएल में डीसी और जीटी के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिलती है। दोनों टीमों के बीच अब तक इस लीग में कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 4 मैच गुजरात टाइटंस ने जीते हैं, जबकि 3 मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स ने जीत दर्ज की है। हालांकि, आईपीएल 2025 में खेले गए दोनों ही मुकाबलों में गुजरात टाइटंस ने दिल्ली कैपिटल्स को हराया था। अक्षर पटेल की कप्तानी में दिल्ली कैपिटल्स ने आखिरी मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया था। बल्लेबाजी में समीर रिवजी कमाल की फॉर्म में दिखाई दिए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 51 गेंदों में 90 रनों की नाबाद पारी खेली थी। वहीं, पहले मुकाबले में भी उन्होंने 70 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई थी।
हालांकि, केएल राहुल के लिए बल्ले से इस सीजन की शुरुआत अच्छी नहीं रही है। दो मुकाबलों में वह सिर्फ एक रन ही बना सके हैं। पिछले मैच में पाथुम निसांका ने 44 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि, नीतीश राणा से भी टीम इस मुकाबले में दमदार प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। गेंदबाजी में मुकेश कुमार और लुंगी एनगिडी की जोड़ी ने डीसी के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है। वहीं, कप्तान अक्षर पटेल का प्रदर्शन गेंद से भी शानदार रहा है।
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस को इस सीजन खेले अब तक दोनों ही मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। साई सुदर्शन ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 73 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि, सुदर्शन को छोड़कर जोस बटलर, ग्लेन फिलिप्स, वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया जैसे बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। वहीं, टीम के गेंदबाजों का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। सिराज और रबाडा पिछले मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए थे, जबकि अशोक शर्मा ने भी 4 ओवर में 37 रन दिए थे। राशिद खान और प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 April 2026 11:13 AM IST











