आईपीएल 2026 कौन हैं सौरभ दुबे? जिन्हें केकेआर ने आकाश दीप की जगह किया टीम में शामिल

आईपीएल 2026 कौन हैं सौरभ दुबे? जिन्हें केकेआर ने आकाश दीप की जगह किया टीम में शामिल
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को एक और बड़ा झटका लगा है। क्रिकबज की खबर के अनुसार, आकाश दीप आगामी सीजन से बाहर हो गए हैं। आकाश की जगह पर केकेआर ने सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। सौरभ इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले ही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को एक और बड़ा झटका लगा है। क्रिकबज की खबर के अनुसार, आकाश दीप आगामी सीजन से बाहर हो गए हैं। आकाश की जगह पर केकेआर ने सौरभ दुबे को टीम में शामिल किया है। सौरभ इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद टीम का हिस्सा रह चुके हैं।

आईपीएल 2022 के ऑक्शन में सनराइजर्स हैदराबाद ने सौरभ दुबे को 20 लाख में खरीदा था। हालांकि, सौरभ को आईपीएल में डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका था। आईपीएल 2026 के ऑक्शन में सौरभ ने अपना बेस प्राइस 30 लाख रखा था, लेकिन उन्हें खरीदने में किसी भी टीम ने दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। क्रिकबज के मुताबिक, सौरभ पहले से ही केकेआर टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सौरभ घरेलू क्रिकेट में विदर्भ की ओर से खेलते हैं।

सौरभ ने अब तक लिस्ट-ए क्रिकेट में 8 मुकाबले खेले हैं और 16 विकेट चटकाए हैं। वहीं, वह 3 टी20 मैच भी खेल चुके हैं। साल 2019 में खेले गए एसीसी इमर्जिंग एशिया कप में दुबे भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे। लिस्ट-ए क्रिकेट के अपने डेब्यू मुकाबले में सौरभ ने नेपाल के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 26 रन देकर चार विकेट निकाले थे और उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 7 विकेट झटके थे।

केकेआर का तेज गेंदबाजी अटैक इस सीजन काफी कमजोर नजर आ रहा है। खबरों के अनुसार, हर्षित राणा और आकाश दीप टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। वहीं, मथीशा पथिराना शुरुआती मुकाबलों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे। खिलाड़ियों की इंजरी से केकेआर का खेमा काफी परेशानी में दिख रहा है। आईपीएल 2025 में केकेआर का प्रदर्शन अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में निराशाजनक रहा था। टीम 14 में से सिर्फ 5 मैच ही जीत सकी थी, जबकि 7 मुकाबलों में टीम को हार झेलनी पड़ी थी।

हालांकि, फिन एलन, टिम सीफर्ट और कैमरून ग्रीन के टीम में आने से कोलकाता का बैटिंग ऑर्डर जरूर इस सीजन दमदार दिख रहा है। एलन ने टी20 विश्व कप 2026 में सिर्फ 33 गेंदों में शतक लगाया था। वहीं, सीफर्ट की भी हालिया फॉर्म अच्छी है। आंद्रे रसेल के जाने के बाद केकेआर ने रोवमैन पॉवेल के रूप में एक और दमदार कैरेबियाई फिनिशर को टीम में शामिल किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 March 2026 12:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story