आईपीएल 2026 ओवरटन शेष सीजन से बाहर, सीएसके से जुड़े फॉरेस्टर

आईपीएल 2026 ओवरटन शेष सीजन से बाहर, सीएसके से जुड़े फॉरेस्टर
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने चोटिल जेमी ओवरटन के स्थान पर डायन फॉरेस्टर को टीम में शामिल किया है। ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं।

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने चोटिल जेमी ओवरटन के स्थान पर डायन फॉरेस्टर को टीम में शामिल किया है। ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं।

आईपीएल ने गुरुवार को एक बयान में कहा, "चेन्नई सुपर किंग्स ने जेमी ओवरटन की जगह एक खिलाड़ी को चुना है। ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट के कारण इस सीजन के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। डायन फॉरेस्टर 75 लाख रुपए में ओवरटन की जगह सीएसके में शामिल होंगे। साउथ अफ्रीकी ऑलराउंडर फॉरेस्टर ने मार्च 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना डेब्यू किया था, उन्होंने 5 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 83 रन बनाए।"

दाहिनी जांघ में चोट के कारण ओवरटन इंग्लैंड लौट गए हैं। सीएसके ने बुधवार देर रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक बयान में कहा था, "जेमी ओवरटन की दाहिनी जांघ में चोट है और वे आगे की जांच और इलाज के लिए यूके लौट रहे हैं।"

इस सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर की गैरमौजूदगी से चेन्नई सुपर किंग्स की चोटों की समस्या और बढ़ गई है। इस सीजन की शुरुआत से ही यह टीम खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही है। नाथन एलिस, खलील अहमद, आयुष म्हात्रे और रामकृष्ण घोष उपलब्ध नहीं हैं। दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी भी पिंडली की चोट के कारण अब तक इस सीजन में नहीं खेले हैं।

ओवरटन का सीजन से बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है, क्योंकि दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ओवरटन इस सीजन सीएसके के अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्होंने इस सीजन 10 मुकाबलों में 17.78 की औसत के साथ 14 विकेट निकाले हैं। वह टीम के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे पायदान पर हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स इस सीजन 11 मुकाबलों में 12 अंकों के साथ प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में पांचवें स्थान पर है। सीएसके 15 मई को अपना अगला मैच खेलेगी, जहां उसका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। सीएसके इस मुकाबले को जीतकर प्लेऑफ की संभावनाओं को और मजबूत करना चाहेगी। दूसरी तरफ, एलएसजी पहले ही खिताबी रेस से बाहर है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 May 2026 5:29 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story