मध्य प्रदेश खरगोन में दुल्हन की हल्दी लगाने से मौत, सैंपल जांच के लिए भेजे
खरगोन, 14 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में दुल्हन को वैवाहिक रस्म के दौरान लगाई गई हल्दी से रिएक्शन हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने हल्दी के सैंपल लिए हैं और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, खरगोन के कसरावद में रहने वाली राखी की अप्रैल महीने में शादी थी, और उसी दौरान वैवाहिक रस्मों के दौरान हल्दी का कार्यक्रम हुआ। हल्दी लगाई जाने के बाद राखी के शरीर पर लाल दाग पड़ गए और उसकी तबीयत काफी बिगड़ गई।
राखी को उपचार के लिए खरगोन के अस्पताल लाया गया, जहां से उसे इंदौर के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. डीएस चौहान का कहना है कि राखी को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया था और बेहतर उपचार के लिए इंदौर के एम. वाई. अस्पताल भेजा गया था, मगर परिवार के लोग उसे निजी अस्पताल ले गए।
निजी चिकित्सालय के चिकित्सकों ने भी उन्हें एम वाय अस्पताल ले जाने की सलाह दी, लेकिन उसकी मौत हो गई और फिर वापस खरगोन लेकर आए। उन्होंने आगे बताया कि दुल्हन के साथ और भी 15-20 लोगों ने हल्दी लगवाई थी, मगर किसी को कुछ नहीं हुआ। हल्दी के सैंपल लिए गए हैं और जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट का इंतजार है।
फूड सेफ्टी अफसर एच एल अवास्या के मुताबिक, कसरावद सहित कई अन्य स्थानों के भी हल्दी के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच कराई जा रही है। भोपाल प्रयोगशाला से आने वाली रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 5:38 PM IST












