विराट कोहली पर नहीं था असफलता का बोझ देवदत्त पड्डिकल
रायपुर, 14 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में बुधवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच एक रोमांचक मुकाबला खेला गया। विराट कोहली ने 60 गेंदों पर नाबाद 105 रन बनाते हुए आरसीबी को 6 विकेट से जीत दिलायी और टीम को अहम 2 अंक दिलाए। कोहली के साथ 92 रन की साझेदारी करने वाले देवदत्त पड्डिकल ने उनकी जमकर तारीफ की और कहा कि अपनी पारी से उन्होंने बताया कि वह महान क्यों हैं।
देवदत्त पड्डिकल ने मैच के बाद कहा कि लगातार 2 बार शून्य पर आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए जाना आसान नहीं होता, लेकिन विराट कोहली ने साबित कर दिया कि वह महान खिलाड़ी क्यों हैं। अपनी असफलता को दिमाग में न रखना और मैदान पर जाकर उसी अंदाज में बल्लेबाजी करना कमाल की बात थी। उन पर पिछली असफलता का कोई बोझ नहीं दिख रहा था। उन्हें रन बनाते देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। उन्होंने कमाल के शॉट खेले जिसे दूसरे छोर पर खड़े होकर देखने का एहसास अद्भुत था।
पड्डिकल ने कहा कि लक्ष्य का पीछा करने के दौरान कोहली ने जितने रन बनाए, उतनी ही खास बात उनकी शांति और सूझबूझ थी। पारी के दौरान उन पर कोई दबाव नहीं दिखा।
केकेआर वाले मैच से पहले विराट कोहली लगातार 2 मैचों में शून्य पर आउट हुए थे। इसे उनकी फॉर्म में गिरावट की शुरुआत माना जाने लगा था, लेकिन कोहली की खासियत है कि खराब फॉर्म के बाद वह हर बार दमदार वापसी करते हैं। केकेआर के खिलाफ भी उन्होंने ऐसा ही किया और अपना 9वां आईपीएल शतक लगा दिया।
केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 192 रन बनाए थे। विराट कोहली के 60 गेंदों पर बनाए नाबाद 105 रन की मदद से आरसीबी ने 19.1 ओवर में 4 विकेट पर 194 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीता। कोहली ने पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 59 गेंदों पर 92 रन की साझेदारी की थी। पड्डिकल ने 27 गेंदों पर 39 रन बनाए थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 May 2026 6:13 PM IST












