हड़कंप: आवारा कुत्तों का आतंक, 6 वर्षीय मासूम पर टूट पड़ा झुंड, हमले में बच्चा घायल और सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

आवारा कुत्तों का आतंक, 6 वर्षीय मासूम पर टूट पड़ा झुंड, हमले में बच्चा घायल और सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
  • लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया
  • कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है
  • प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया

Beed News. शहर में आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक अब गंभीर समस्या बनता जा रहा है। ताजा घटना शहर के पंढरी नगरी इलाके की है, जहां खेल रहे 6 वर्षीय राजवीर जायभाये पर आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में मासूम घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार, राजवीर अपने घर के सामने अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचा और बच्चे पर झपट पड़ा। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के नागरिक तुरंत मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया। लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद नागरिकों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि शहर के पेठ बीड, बार्शी नाका, मोमीनपुरा और झमझम कॉलोनी सहित कई इलाकों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से कुत्तों के हमलों की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले नगर पालिका ने कुत्तों की नसबंदी अभियान की जिम्मेदारी एक निजी संस्था को सौंपी थी, लेकिन संस्था ने कुछ समय बाद अभियान बंद कर दिया। इसके बाद शहर में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी।

नागरिकों ने संबंधित संस्था के कामकाज की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई करने तथा शहर में तत्काल विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते प्रभावी कदम उठाए।

Created On :   14 May 2026 6:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story