बीड जिले में हादसे: अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक सड़क हादसों में तीन की मौत, मृतकों में दो महिलाएं शामिल - घायलों का अस्पताल में इलाज

अलग-अलग स्थानों पर दर्दनाक सड़क हादसों में तीन की मौत, मृतकों में दो महिलाएं शामिल - घायलों का अस्पताल में इलाज
  • घाटनांदूर गांव में युवक की मौत, अंबाजोगाई के घाटनांदूर की घटना
  • बीड-गेवराई महामार्ग पर भाई की शादी से पहले बहन की दर्दनाक मौत
  • बीड में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर

Beed News. भीषण गर्मी के चलते घरों में कूलर का उपयोग बढ़ गया है, लेकिन यही कूलर एक युवक की मौत का कारण बन गया। अंबाजोगाई तहसील के घाटनांदूर गांव में 6 मई को एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, नजीर खदीर सैय्यद (26 वर्ष, निवासी घाटनांदूर, त. अंबाजोगाई, जि. बीड) मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। बुधवार सुबह काम पर जाने से पहले वह घर में लगे टिन के कूलर में पानी भरने गया था। इसी दौरान अचानक कूलर में करंट उतर आया और उसे तेज झटका लगा। करंट इतना तीव्र था कि नजीर कुछ ही सेकंड में जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। साथ ही लोगों से बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।


बीड-गेवराई महामार्ग पर तेज रफ्तार कार लोहे के एंगल से टकराई - एक की मौत, दो की बची जान

बीड-गेवराई महामार्ग पर तेज रफ्तार कार का स्टेयरिंग नियंत्रण से बाहर हो जाने के कारण वह सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल से जा टकराई। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो अन्य लोग एयरबैग खुलने से सुरक्षित बच गए। यह दुर्घटना 5 मई की देर रात करीब 12 बजे बीड-गेवराई महामार्ग पर हुई। 6 मई की सुबह शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, पेंडगांव से बीड की ओर आ रही कार (एमएच 03 बीएच 8025) के चालक का नियंत्रण अचानक स्टेयरिंग से छूट गया। इससे कार तेज गति में जाकर सड़क किनारे लगे लोहे के एंगल से टकरा गई। हादसे में कार सवार आदित्य दिलीप तुळवे (22 वर्ष, निवासी पेंडगांव, त. बीड) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। कार में मौजूद अन्य दो लोग एयरबैग खुलने के कारण सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही बीड ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। आगे की जांच जारी है।


यह भी पढ़े -वित्त वर्ष 2026 में भारत का नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन 5.12 प्रतिशत बढ़कर 23.4 लाख करोड़ रुपए हुआ

बीड में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को मारी टक्कर, भाई की शादी से पहले बहन की दर्दनाक मौत

बीड में तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे हुए भीषण हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई और भाभी घायल हो गए। यह घटना 6 मई को दोपहर करीब 1 बजे अण्णाभाऊ साठे चौक क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, सुभाष रोड की ओर मुड़ रही बाइक (एमएच 14 एचएल 9327) को पीछे से आ रहे कंटेनर (एचआर 55 एएफ 3111) ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रतीक्षा रामेश्वर चौधरी (45 वर्ष, निवासी शिराला, त. बार्शी; हाल मुकाम पिंपलगांव, त. वाशी, जि. धाराशिव) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद भाई प्रदीप गव्हाणे (34 वर्ष) और भाभी निशा गव्हाणे (22 वर्ष) घायल हो गए। निशा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका बीड के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि कंटेनर सोलापुर से छत्रपति संभाजीनगर की ओर जा रहा था।गौरतलब है कि मृतका प्रतीक्षा चौधरी अपने भाई की शादी के लिए मायके आई थीं। उनके भाई की शादी 8 मई को होने वाली थी। शादी की खरीदारी के लिए वह अपने भाई और भाभी के साथ बीड आई थीं, तभी यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर सवाल उठने लगे हैं। बायपास होने के बावजूद शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग जोर पकड़ रही है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Created On :   6 May 2026 7:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story