खुलासा: युवती ने आठ शादियां कर दिया ठगी को अंजाम, नौवीं शादी के बाद हुआ भांडाफोड़ - बड़े गैंग की कारगुजारी !

युवती ने आठ शादियां कर दिया ठगी को अंजाम, नौवीं शादी के बाद हुआ भांडाफोड़ - बड़े गैंग की कारगुजारी !
  • शादी के नाम पर ठगी का बड़ा रैकेट उजागर होने की आशंका
  • आठ शादियां कर दिया ठगी को अंजाम

Beed News. जिले में शादी के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि इसके पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो फर्जी विवाह के जरिए युवकों को निशाना बना रहा है। मामले का खुलासा 5 मई को एक पीड़ित युवक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद हुआ। जानकारी के अनुसार, एक युवती ने पहले ही आठ शादियां कर अलग-अलग युवकों से लाखों रुपये ठगे थे। इसके बावजूद उसने नौवीं शादी भी कर ली। कुछ महीनों बाद दूल्हे को संदेह होने पर जब जांच की गई, तो पूरे मामले का भंडाफोड़ हो गया।

यह ताजा मामला बीड जिले के उमापुर गांव का है। यहां एक युवक को शादी के लिए लड़की दिखाकर उससे मोटी रकम वसूली गई। एजेंट के माध्यम से शादी करवाई गई, लेकिन कुछ समय बाद ही दुल्हन के व्यवहार पर संदेह हुआ। जांच में सामने आया कि संबंधित युवती पहले भी कई युवकों को इसी तरह ठग चुकी है।

गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद सुनियोजित बताई जा रही है। यह लोग ग्रामीण क्षेत्रों के शादी के इच्छुक युवकों को निशाना बनाते हैं। पहले लड़की दिखाकर भरोसा जीतते हैं, फिर शादी तय कराने के नाम पर बड़ी रकम लेते हैं। शादी के बाद कुछ समय में दुल्हन फरार हो जाती है या रिश्ता तोड़ देती है, जिससे पीड़ित युवक आर्थिक और मानसिक रूप से प्रभावित होते हैं।


इस मामले में उमापुर निवासी पीड़ित युवक योगेश शिंदे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है। चकलांबा पुलिस थाने में भी शिकायत दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में शादी तय करते समय सतर्क रहने की आवश्यकता एक बार फिर सामने आई है। नागरिकों ने ऐसे ठगी गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें।

अब तक मामला दर्ज नहीं


बीट अमलदार कल्याण पवार (उमापुर, चकलांबा पुलिस थाना) के अनुसार, पीड़ित योगेश शिंदे ने मंगलवार को शिकायत दी है, लेकिन अब तक इस मामले में औपचारिक रूप से केस दर्ज नहीं हुआ है। किसी आरोपी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।

Created On :   5 May 2026 8:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story