बीड़ जिले में वारदातें: महिला यात्री को नशीला पेय पिलाकर छह लाख के गहने लूटे, डंडों से हमले में घायल मजदूर की मौत, प्रताड़ित बुजुर्ग ने नदी में लगाई छलांग

महिला यात्री को नशीला पेय पिलाकर छह लाख के गहने लूटे, डंडों से हमले में घायल मजदूर की मौत, प्रताड़ित बुजुर्ग ने नदी में लगाई छलांग
  • गेवराई बस स्टैंड पर लूट से महिलाओं में दहशत
  • पत्थर और डंडों से हमला, घायल मजदूर की मौत
  • जमीन विवाद से मानसिक प्रताड़ना का आरोप

Beed News. बस से सफर कर रही एक महिला यात्री को नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाने और उसके शरीर से करीब छह लाख रुपए के सोने के गहने लूटने का मामला सामने आया है। घटना गेवराई बस स्टैंड परिसर में हुई, जिसके बाद महिला यात्रियों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार, छत्रपति संभाजीनगर निवासी 65 वर्षीय रुक्मिणी राजाभाऊ सुरासे मुखेड से छत्रपति संभाजीनगर जा रही बस में सफर कर रही थीं। बस के गेवराई बस स्टैंड पहुंचने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी। पेय पदार्थ पीने के कुछ ही देर बाद महिला बेहोश हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने महिला के हाथों की सोने की पाटल्या, चूड़ियां और कानों के गहने निकाल लिए और फरार हो गया। होश आने के बाद महिला को घटना की जानकारी हुई। शिकायत के आधार पर गेवराई पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ करीब छह लाख रुपए के गहने चोरी करने का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक आढाव कर रहे हैं।

पत्थर और डंडों से हमला, घायल मजदूर की मौत

उधर शिरूर कासार तहसील के खालापुरी क्षेत्र में एक मजदूर पर पत्थरों और डंडों से हमला किए जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में शिरूर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, खालापुरी निवासी मजदूर सुरेश काले 3 मई को आटा लेकर दोपहिया वाहन से जा रहे थे। इसी दौरान गायरान जमीन के पास इसक्या कांग्रज्या चव्हाण, कारव्ही इसाक्या चव्हाण और टंडी इसाक्या चव्हाण ने उनकी बाइक रोक ली। “हमारे साथ झगड़ा क्यों करता है” इस बात को लेकर आरोपियों ने सुरेश काले को नीचे खींचकर पत्थरों और डंडों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल सुरेश काले का पिछले चार दिनों से अहिल्यानगर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। गुरुवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी स्वाती सुरेश काले की शिकायत पर पहले मारपीट का मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में हत्या में परिवर्तित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी इसक्या चव्हाण को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य दो आरोपी फरार हैं। उपविभागीय पुलिस अधिकारी बालकृष्ण हनपुडे ने घटनास्थल का दौरा किया। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक प्रवीण जाधव के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक धनंजय कुलकर्णी कर रहे हैं।

जमीन विवाद से प्रताड़ित बुजुर्ग ने नदी में कूदकर दी जान

उधर माजलगांव शहर की समता कॉलोनी निवासी वरिष्ठ व्यापारी एकनाथ बप्पासाहब शेंडगे (68) ने सिंदफणा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में पड़ोस के एक होटल संचालक पर जमीन विवाद को लेकर मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। एकनाथ शेंडगे महात्मा फुले स्कूल के सामने कई वर्षों से स्टेशनरी की दुकान संचालित करते थे। बताया गया है कि देर रात परिवार के सदस्य सो रहे थे, तभी वे चुपचाप घर से निकल गए। अपनी बाइक से सिंदफणा नदी किनारे पहुंचकर उन्होंने बाइक पर शर्ट और पैंट रख दी, जबकि चप्पल और बैटरी किनारे छोड़कर नदी में छलांग लगा दी। रात में पत्नी की नींद खुलने पर घर का दरवाजा खुला मिला और पति गायब थे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह पुलिस की मदद से खोजबीन शुरू की गई। इस दौरान नदी किनारे उनकी बाइक मिली और कुछ देर बाद पानी में उनका शव दिखाई दिया। एकनाथ शेंडगे के परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं। पोस्टमार्टम के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस थाने में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ था।

Created On :   8 May 2026 7:19 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story