रिलायंस कम्युनिकेशंस केस में सीबीआई की एक और बड़ी कार्रवाई, मुंबई समेत 7 ठिकानों पर चलाया तलाशी अभियान

रिलायंस कम्युनिकेशंस केस में सीबीआई की एक और बड़ी कार्रवाई, मुंबई समेत 7 ठिकानों पर चलाया तलाशी अभियान
केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को कहा कि उसने रिलायंस एडीए ग्रुप की कंपनियों में से एक रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से जुड़े एक मामले में सात ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को कहा कि उसने रिलायंस एडीए ग्रुप की कंपनियों में से एक रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से जुड़े एक मामले में सात ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

सीबीआई ने एक बयान में कहा कि यह छापेमारी मुंबई, गुरुग्राम और बेंगलुरु में स्थित परिसरों पर की गई।

जांच एजेंसी ने बयान में कहा, "तलाशी कंपनी के उस समय के सीईओ, सीएफओ और डायरेक्टर्स के घरों पर की गई, जिन्होंने 2015 से 2017 के दौरान कंपनी में काम किया था। यह कार्रवाई 14 मई 2026 को मुंबई की सीबीआई मामलों की विशेष अदालत द्वारा जारी सर्च वारंट के आधार पर की गई।"

सीबीआई ने बताया कि तलाशी के दौरान कई अहम और आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं और मामले की जांच आगे भी जारी है।

सीबीआई ने पिछले कुछ महीनों में अनिल अंबानी के नेतृत्व वाले रिलायंस ग्रुप के खिलाफ सात मामले दर्ज किए हैं। ये मामले विभिन्न सरकारी बैंकों और एलआईसी की शिकायतों के आधार पर दर्ज किए गए हैं।

इन मामलों में हजारों करोड़ रुपए की कथित धोखाधड़ी का आरोप है। सीबीआई के अनुसार, इन मामलों में कुल कथित नुकसान 27,337 करोड़ रुपए का है।

जांच एजेंसी ने बताया कि इन मामलों के दर्ज होने के बाद पिछले कुछ महीनों में 31 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया जा चुका है।

इससे पहले 20 अप्रैल को रिलायंस कम्युनिकेशंस के दो वरिष्ठ अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया था, जिनमें डी. विश्वनाथ और अनिल काल्या शामिल हैं। सीबीआई के मुताबिक, डी. विश्वनाथ समूह के बैंकिंग संचालन के प्रभारी थे, जबकि अनिल काल्या बैंकिंग संचालन और फंड के उपयोग से जुड़े कार्यों में उनकी मदद कर रहे थे।

दोनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। सीबीआई ने कहा कि अनिल अंबानी समूह से जुड़े मामलों की जांच की निगरानी सर्वोच्च न्यायालय कर रहा है।

पिछले शनिवार को भी सीबीआई ने मुंबई में 17 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह कार्रवाई रिलायंस टेलीकॉम, रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस, रिलायंस होम फाइनेंस और उनके निदेशकों के खिलाफ दर्ज तीन मामलों के संबंध में की गई थी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   14 May 2026 5:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story